बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, बस पर पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत
सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान, चार महिलाएं भी शामिल

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ हैदरगढ़ मार्ग पर एक रोडवेज बस पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोग घायल हो गए।
यह हादसा बाराबंकी जिला मुख्यालय से लगभग नौ किलोमीटर दूर, जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख गाँव के राजा बाजार के पास हुआ। रोडवेज की अनुबंधित बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी, तभी गूलर का एक विशाल पेड़ बस के अगले हिस्से पर गिर गया। पेड़ इतनी तेजी से गिरा कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पेड़ काटकर लोगों को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद बस के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। तेज बारिश के कारण बचाव कार्य में थोड़ी देरी हुई, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ काटकर लोगों को बाहर निकाला। सीएमओ अवधेश कुमार यादव ने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं और एक ड्राइवर शामिल हैं। एक महिला की पहचान शिक्षा मेहरोत्रा (53) के रूप में हुई है, जो शहर के गुलरिया गार्दा की निवासी थीं।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनका उचित इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।
Also Read: CM योगी ने किया हर घर तिरंगा अभियान का आगाज, काकोरी कांड के शहीदों को किया नमन




