इन्फोटेनमेन्ट

पंकज त्रिपाठी की बेटी आशी त्रिपाठी का डेब्यू: फिल्म नहीं, थिएटर के ‘ला-इलाज’ म्यूजिकल ड्रामा से करेंगी एक्टिंग की शुरुआत

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड में स्टार किड्स के भव्य लॉन्च के चलन से हटकर, अभिनेता पंकज त्रिपाठी की बेटी आशी त्रिपाठी ने एक्टिंग की दुनिया में एक अलग राह चुनी है। आशी त्रिपाठी फिल्मों या वेब सीरीज से नहीं, बल्कि थिएटर के सबसे चुनौतीपूर्ण मंच से अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं। वह रूपकथा रंगमंच के ‘ला-इलाज’ नामक म्यूजिकल ड्रामा में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

पिता ने दी घर में ट्रेनिंग

आशी त्रिपाठी के डेब्यू की सबसे खास बात यह है कि उन्हें किसी बाहरी एक्टिंग स्कूल या इंस्टीट्यूट ने नहीं, बल्कि खुद उनके पिता और इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने घर पर ट्रेनिंग दी है। पंकज त्रिपाठी खुद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से थिएटर की बारीकियां सीखकर आए हैं।

पंकज त्रिपाठी का मानना है कि थिएटर किसी भी अभिनेता के लिए सबसे मुश्किल और चुनौतीपूर्ण प्लेटफॉर्म है, जहाँ फिल्मों की तरह रीटेक का मौका नहीं मिलता। थिएटर ही कलाकार की असली कला को निखारता है और उन्हें डायलॉग्स और भावनाओं पर नियंत्रण सिखाता है। उन्होंने कहा, “जब एक्टिंग की नींव रंगमंच से रखी जाती है, तो बिल्डिंग मजबूत बनती है, जो उन्हें लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिके रहने में मदद करेगी।”

‘ला-इलाज’ से शुरुआत

पंकज त्रिपाठी, जिन्होंने अपना एक्टिंग का सफर रंगमंच से शुरू किया था, ने इसी कारण अपनी बेटी के डेब्यू के लिए यह मंच चुना। उन्होंने बताया कि उन्होंने रूपकथा रंगमंच नाम का ग्रुप बनाया है और ‘ला-इलाज’ उसका पहला म्यूजिकल ड्रामा है।

आशी त्रिपाठी अपनी मां मृदुला त्रिपाठी के साथ मिलकर इस नाटक से अपने करियर की शुरुआत करेंगी, जो उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पंकज त्रिपाठी खुद लंबे समय से अपनी दोनों बेटियों को एक्टिंग सिखा रहे थे।

Related Articles

Back to top button