लखनऊ

मुंबई में जैन मंदिर विध्वंस के खिलाफ लखनऊ में शांति मार्च, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

मुंबई के विले पारले क्षेत्र में एमसीडी द्वारा जैन मंदिर को तोड़े जाने के विरोध में आज लखनऊ के महावीर पार्क, डालीगंज में एक विरोध सभा का आयोजन किया गया। यह सभा जैन धर्म प्रवर्धिनी सभा के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।

मंदिर विध्वंस पर फूटा जैन समाज में नाराजगी

सभा के बाद महावीर पार्क से शहीद स्मारक पार्क होते हुए कलेक्ट्रेट तक एक शांति मार्च निकाला गया। मार्च में महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनके हाथों में जैन धर्म के झंडे और नारे लिखी तख्तियां थीं। मार्च के दौरान “अहिंसा परमो धर्म” और “भगवान महावीर की जय” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

जैन धर्म के अनुयायियों ने उठाई मंदिर पुनर्निर्माण की आवाज

कलेक्ट्रेट पहुँचने के पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम (सिटी) को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मंदिर को तोड़ने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और मंदिर का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए।

सभा की अध्यक्षता जैन धर्म प्रवर्धिनी सभा के अध्यक्ष विनय जैन ने की, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष केसी जैन (एडवोकेट), महामंत्री सुबोध जैन, इंदिरा नगर जैन मंदिर के अध्यक्ष और चौक जैन मंदिर के अध्यक्ष अशोक जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

सरकार से मांग

सभा को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष केसी जैन ने कहा, “ऐसी घड़ी में पूरे समाज को एकजुट होकर विरोध दर्ज कराना चाहिए। सरकार को जैन मंदिरों और साधुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”

सभा के दौरान जम्मू-कश्मीर में हाल ही में शहीद हुए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया। इस शांति मार्च में महिला मंडल के अध्यक्ष राज जैन, दिलीप जैन, डॉ. अनमोल चंद जैन, अभिषेक जैन, पारस जैन, शैलेंद्र जैन सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button