गांधी जी की पुण्यतिथि पर बाराबंकी में सेवा का संकल्प: रेडक्रॉस सोसाइटी ने बार एसोसिएशन के कर्मचारियों को बांटे कंबल

Lucknow Focus News Desk: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, बाराबंकी द्वारा जिला बार एसोसिएशन के कर्मचारियों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बार एसोसिएशन के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने शिरकत कर बापू के आदर्शों को याद किया।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मौजूदगी में हुआ वितरण
कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने की। इस खास मौके पर पूर्व अध्यक्ष बृजेश दीक्षित, हिसालबारी किदवई, सुरेंद्र प्रताप सिंह ‘बब्बन सिंह’ और महामंत्री रामराज यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
जरूरतमंदों की सेवा ही रेडक्रॉस का लक्ष्य
रेडक्रॉस के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने कर्मचारियों को कंबल भेंट करते हुए कहा कि संस्था का मूल मंत्र ही मानवता की सेवा है। चाहे चिकित्सा सहायता हो या आकस्मिक जरूरत, रेडक्रॉस हमेशा तत्पर रहता है। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता हुमायूं नईम खान ने बेहद कुशलता से किया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
जिला बार एसोसिएशन के करीब एक दर्जन कर्मचारियों को मंच पर सम्मानित कर कंबल प्रदान किए गए। इस दौरान रेडक्रॉस के संरक्षक सदस्य और पर्यावरण प्रेमी आशीष वर्मा ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता रत्नेश कुमार, सुनीत अवस्थी, कमलेश चंद शर्मा, राजकुमार वर्मा, नीरज वर्मा, सरफराज हुसैन, सूरज बाजपेई, अमीनुद्दीन, राकेश त्रिवेदी, अख्तर सिद्दीकी, श्यामबाबू शुक्ला और निशात अहमद सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




