
Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत देश भर के किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को 30 लाख से ज़्यादा किसानों के खातों में 3200 करोड़ रुपये का फसल बीमा क्लेम डिजिटल तरीके से ट्रांसफर करेंगे। यह बड़ा कार्यक्रम राजस्थान के झुंझुनू में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल होंगे।
किस राज्य को कितनी राशि मिलेगी?
मध्य प्रदेश: 1156 करोड़ रुपये
राजस्थान: 1121 करोड़ रुपये (7 लाख किसानों को)
छत्तीसगढ़: 150 करोड़ रुपये
अन्य राज्य: 773 करोड़ रुपये
क्लेम में देरी पर लगेगा जुर्माना
कृषि मंत्रालय ने किसानों के हित में कई बड़े बदलाव किए हैं। अब अगर कोई राज्य सरकार अपने हिस्से का प्रीमियम देने में देरी करती है, तो उस पर 12 प्रतिशत का जुर्माना लगाया जाएगा। इसी तरह, अगर बीमा कंपनियाँ किसानों का भुगतान समय पर नहीं करतीं, तो उन्हें भी किसानों को 12 प्रतिशत पेनल्टी के साथ मुआवज़ा देना होगा।
किसानों को मिला प्रीमियम से 5 गुना ज़्यादा फायदा
साल 2016 में शुरू हुई इस योजना ने किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई है। अब तक किसानों ने कुल 35,864 करोड़ रुपये का प्रीमियम जमा किया है, जबकि उन्हें 1.83 लाख करोड़ रुपये का क्लेम मिल चुका है। इसका मतलब है कि किसानों को उनके प्रीमियम की तुलना में औसतन पांच गुना से भी ज़्यादा का भुगतान किया गया है।
हाल के सालों में, सरकार ने YES-TECH, WINDS पोर्टल और AIDE मोबाइल ऐप जैसे नए तकनीकी साधन भी लॉन्च किए हैं, जिससे क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज़ और ज़्यादा पारदर्शी हो गई है।
Also Read: अगले 7 दिन इन राज्यों में होगी भारी बारिश, हिमाचल-उत्तराखंड पर मंडराया खतरा




