वाराणसी में पीएम मोदी का 51वां दौरा: 2183 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने 51वें वाराणसी दौरे पर काशी पहुंचेंगे। यह दौरा किसानों और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है। पीएम मोदी सुबह 10:25 बजे विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे।
किसानों के खाते में 20,500 करोड़ की सौगात
इस दौरे पर प्रधानमंत्री देशभर के 9.70 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। इनमें काशी के 2.21 लाख किसान भी शामिल होंगे।
दिव्यांगों को उपकरण और जनसभा
वाराणसी के सेवापुरी के बनौली गांव में पीएम मोदी दिव्यांगों को विभिन्न सहायक उपकरण जैसे लो विजन डिवाइस, स्पोर्ट व्हीलचेयर, एक्टिव फोल्डिंग व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और हियरिंग एड वितरित करेंगे। इसके बाद वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
2183 करोड़ की 52 परियोजनाएं
प्रधानमंत्री 2183.45 करोड़ रुपये की कुल 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
लोकार्पण की प्रमुख परियोजनाएं:
वाराणसी-भदोही फोरलेन चौड़ीकरण (35 किमी) – ₹269.10 करोड़
36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में बहुउद्देशीय हॉल – ₹2.54 करोड़
एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर व डॉग केयर सेंटर – ₹1.85 करोड़
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर और होमी भाभा कैंसर अस्पताल में रेडिएशन मशीनें, रोबोटिक सर्जरी यूनिट और सीटी स्कैन मशीन – ₹73.30 करोड़
दुर्गाकुंड जीर्णोद्धार एवं जल शोधन कार्य – ₹3.40 करोड़
शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाएं:
राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल – ₹85.72 करोड़
गंगा घाटों का जीर्णोद्धार व साइनेज कार्य – ₹4.66 करोड़
स्वतंत्रता सेनानी स्मारक और करखियांव गांव का पर्यटन विकास – ₹18.26 करोड़
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय आवासीय भवन नवीनीकरण – ₹8.23 करोड़
मुंशी प्रेमचंद संग्रहालय (लमही) – ₹11.82 करोड़
वाराणसी-गाजीपुर मार्ग से स्वर्वेद महामंदिर तक सड़क निर्माण – ₹11.46 करोड़
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण – ₹215.88 करोड़
योगी ने खुद की तैयारियों की समीक्षा
शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक कर पीएम के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा और रूट डायवर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1:25 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Also Read: यूपी को ‘फुटवियर कैपिटल’ बनाने की तैयारी: CM योगी ने दिए ख़ास निर्देश




