प्रधानमंत्री आज अयोध्या में, भव्य दीपोत्सव में भाग लेंगे

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल 23 अक्टूबर को जनपद अयोध्या में दीपोत्सव का शुभारम्भ करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयोजन में सम्मिलित होंगे। इस वर्ष दीपोत्सव का छठां संस्करण आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री सर्वप्रथम भगवान श्रीरामलला विराजमान का दर्शन-पूजन करेंगे और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरान्त प्रधानमंत्री श्रीराम कथा पार्क में भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे तथा नया घाट पर सरयू आरती करेंगे। प्रधानमंत्री राम जी पैड़ी पर आयोजित भव्य दीपोत्सव समारोह का शुभारम्भ करेंगे। तदोपरान्त वह नया घाट पर आयोजित ग्रीन एण्ड डिजिटल फायर वर्क का अवलोकन करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री राम कथा पार्क में शोभा यात्रा का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री प्रभु श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण जी के स्वरूपों के अवतरण एवं भरत मिलाप कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे श्रीराम दरबार के साथ श्री राम कथा पार्क आएंगे और श्रीराम व माता जानकी का पूजन-वन्दन करेंगे।

(अयोध्या में दीपोत्सव के एक दिन पहले भव्य रूप से सजी राम की पैड़ी का एक नयनाभिराम दृश्य।)
(खबर और फोटोः सौजन्य-सूचना विभाग, उप्र)




