इन्फोटेनमेन्ट

सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर गंभीर खतरे के घेरे में हैं। उन्हें एक अज्ञात शख्स द्वारा घर में घुसकर जान से मारने और उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी मुंबई के वर्ली ट्रैफिक डिपार्टमेंट के व्हाट्सएप नंबर पर भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सुबह 6 बजे मिली थी धमकी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी 13 अप्रैल की सुबह 6 से 7 बजे के बीच व्हाट्सएप मैसेज के जरिए भेजी गई। इसमें न सिर्फ सलमान खान को निशाना बनाने की बात कही गई, बल्कि उनकी गाड़ी को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है।

Y+ सुरक्षा में भी नहीं थम रही धमकियां

गौरतलब है कि सलमान खान को पहले भी कई बार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें Y+ कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई है। इसके तहत घर पर बुलेटप्रूफ शीशे लगाए गए हैं और हर जगह उनके साथ भारी पुलिस बल तैनात रहता है। हाल ही में ईद के मौके पर जब सलमान खान अपने गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी में फैन्स को शुभकामनाएं देने आए, तब भी वो फुल प्रूफ सिक्योरिटी के बीच नजर आए। लगभग तीन महीने पहले उनके घर पर बुलेटप्रूफ शीशे लगवाए गए थे।

‘सिकंदर’ फिल्म के प्रमोशन के दौरान बोले सलमान

अपनी आगामी फिल्म ‘सिकंदर’ के प्रमोशन के समय सलमान खान ने इन धमकियों पर कहा था “भगवान, अल्लाह जो भी है, सब कुछ उनके हाथ में है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी ही जियूंगा। लेकिन मैं अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहता हूं।” सलमान खान के करीबी दोस्त बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद वे मानसिक रूप से भी काफी प्रभावित हुए थे। पुलिस सुरक्षा के अलावा सलमान की अपनी निजी सिक्योरिटी भी बेहद मजबूत है। उनके बॉडीगार्ड शेरा हर समय उनके साथ रहते हैं, चाहे वो फिल्म की शूटिंग हो या कोई सार्वजनिक कार्यक्रम।

Also Read: गर्मियों में क्यों बढ़ जाते हैं फूड पॉइजनिंग के मामले? जानिए कारण, लक्षण और बचाव के उपाय

Related Articles

Back to top button