प्रधानमंत्री मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- विकसित भारत में युवाओं की भूमिका सबसे अहम

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक बार फिर देश के युवाओं को तोहफा दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे। इस आयोजन के जरिए देशभर के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सपना साकार हुआ।
सुबह 11 बजे शुरू हुए इस ‘रोजगार मेले’ को एक साथ देश के 47 शहरों में आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने इस मौके पर युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि देश के युवाओं को बेहतर अवसर मिलें।
रोजगार मेले में क्या खास रहा?
यह मेगा भर्ती अभियान 22 अक्टूबर 2022 से शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य मिशन मोड में सरकारी विभागों की खाली पदों को भरना और युवाओं को रोजगार के मौके देना है।
अब तक इस पहल के तहत 10 लाख से ज्यादा नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं।
इस बार जिन युवाओं की भर्ती हुई है, उन्हें रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य, डाक, वित्तीय सेवाएं, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित कई केंद्रीय विभागों में नियुक्त किया गया है।
पीएम मोदी का संबोधन: “युवाओं को मिले अवसर, तभी आगे बढ़ेगा भारत”
पीएम मोदी ने कहा कि देश का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया PLI स्कीम के तहत 11 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का बाजार 11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा लोकोमोटिव निर्माता बन चुका है।ऑटोमोबाइल सेक्टर में 40 बिलियन डॉलर का विदेशी निवेश (FDI) आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन बदलावों के केंद्र में भारत का युवा है। उन्होंने नए सरकारी कर्मचारियों से अपील की कि वे सरकारी सेवा को सिर्फ नौकरी न समझें, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानें।
ILO रिपोर्ट का जिक्र: “भारत में 90 करोड़ लोगों तक पहुँचीं योजनाएं”
मोदी ने हाल ही में आई ILO (अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि भारत में 90 करोड़ से अधिक नागरिक अब सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हैं। पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ पक्के घर बन चुके हैं और 3 करोड़ निर्माणाधीन हैं, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार मिला है।
PIB के अनुसार, नई नियुक्तियों से सरकारी विभागों में काम की रफ्तार और सेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा का संचार होगा और जनता की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
Also Read: दिल्ली-NCR, यूपी और हरियाणा में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, लोग दहशत में घरों से बाहर निकले




