देश

राहुल-तेजस्वी ने दरभंगा-मुजफ्फरपुर से भरी हुंकार, राहुल गांधी बोले- पीएम मोदी सिर्फ ड्रामा करते हैं

Lucknow Focus News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद महागठबंधन ने बुधवार को पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरते हुए मुजफ्फरपुर के सकरा और दरभंगा में संयुक्त रैलियां कीं। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पहली बार एक मंच पर नजर आए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला, जबकि तेजस्वी यादव ने बिहार की ‘खटारा सरकार’ से मुक्ति दिलाने का आह्वान किया।

राहुल गांधी के प्रमुख हमले

मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश बिहार के युवाओं द्वारा बनाया गया है, लेकिन बिहार के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर ये हमले किए।

“महाराष्ट्र और हरियाणा में पीएम मोदी ने वोट चोरी की। अब बिहार में भी ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार के हर व्यक्ति को घर से बाहर निकलकर महागठबंधन को वोट डालना है।” राहुल गांधी ने छठ पूजा से पहले पीएम मोदी द्वारा यमुना में साफ पानी भरकर ‘तालाब’ में नहाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ‘ड्रामा’ करते हैं। “उन्हें यमुना और छठ पूजा से कोई मतलब नहीं है। वह केवल वोट लेने के लिए कोई भी ड्रामा करने को तैयार हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में दो हिंदुस्तान बन रहे हैं  एक गरीबों का और दूसरा तीन-चार अरबपतियों (अदाणी-अंबानी) का। “मोदी सरकार ने अदाणी और अंबानी को जो भी चाहिए, वो सब दे दी।” उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल डाटा की कंपनी अंबानी को देकर युवाओं से झूठ बोला जा रहा है।

राहुल ने कहा कि नीतीश कुमार 20 साल से सरकार चला रहे हैं, लेकिन बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए क्या किया? “भाजपा, नीतीश कुमार के चेहरे का प्रयोग कर रही है। भाजपा के हाथ में ही रिमोट कंट्रोल है।”

महागठबंधन का वादा और गारंटी

राहुल गांधी ने बिहार की जनता को गारंटी देते हुए कहा हर जाति, हर धर्म की सरकार: “हमलोग हर जाति, हर धर्म की सरकार बिहार में बनाएंगे। सबकी सरकार होगी, हर एक व्यक्ति की सरकार बनेगी। यह मेरी और महागठबंधन की गारंटी है।”

“हमारी कोशिश होगी कि पांच साल के अंदर हिंदुस्तान की सबसे अच्छी यूनिवर्सिटी बिहार में होगी। बिहार को दुनिया का सेंटर बनाना है।” उन्होंने कहा कि आज तक जो भी मिला है, वह संविधान के कारण मिला है, जिस पर पीएम मोदी और आरएसएस आक्रमण कर रहे हैं। महागठबंधन इसकी रक्षा करेगा।

तेजस्वी और बीजेपी की प्रतिक्रिया

तेजस्वी यादव ने एनडीए पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता इस ‘खटारा सरकार’ से ऊब चुकी है, अब वक्त आ गया है नया बिहार और युवाओं का बिहार बनाने का। बीजेपी के अमित मालवीय ने राहुल गांधी के बिहार दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि कोलंबिया में छुट्टियां मनाने और ब्लॉग बनाने के बीच उन्हें न तो बिहार की परवाह करने का वक्त मिला, न ही गठबंधन संभालने का।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के सकरा (कांग्रेस उम्मीदवार उमेश कुमार राम) और नगर विधानसभा (कांग्रेस उम्मीदवार विजेंद्र चौधरी) क्षेत्र में महागठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button