उत्तर प्रदेश

लखनऊ में सुबह से रिमझिम बारिश, कई जिलों में सुहाना मौसम; रायबरेली में स्कूल बंद

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह से ही हल्की बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल रही हैं। मौसम का यह सुहावना मिजाज जहां कुछ लोगों के लिए राहत लेकर आया है, वहीं बारिश और फिसलन के चलते कुछ नागरिकों को आवाजाही में परेशानी का भी सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। राजधानी लखनऊ में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी लखनऊ का मौसम

अधिकतम तापमान: 31°C

न्यूनतम तापमान: 26°C

सोमवार को छिटपुट बारिश और रुक-रुक कर बूंदाबांदी के आसार

रविवार को भी हजरतगंज, गोमती नगर, इंदिरानगर, आलमबाग और महानगर जैसे इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। दिनभर धूप-छांव का दौर बना रहा।

रायबरेली में बारिश के कारण स्कूल बंद

लगातार बारिश को देखते हुए रायबरेली जिला प्रशासन ने सोमवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलाधिकारी के निर्देश पर अवकाश घोषित किया।

किन जिलों में सक्रिय है मौसम?

पूर्वी यूपी: गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी।

पश्चिमी यूपी: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर।

मानसून फिर होगा कमजोर, फिर बढ़ेगी बारिश

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 25 अगस्त के बाद मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ेगी, जिससे अगले चार-पांच दिन तक बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के कारण सितंबर की शुरुआत में फिर से बारिश बढ़ सकती है।

रविवार को राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 32.7°C और न्यूनतम तापमान 25.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है।

Also Read: लखनऊ पहुंचे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, रोड शो के जरिए पहुंचे अपने स्कूल

Related Articles

Back to top button