रणवीर सिंह के जन्मदिन पर फैंस को बड़ा तोहफा, ‘धुरंधर’ का धांसू टीज़र हुआ रिलीज

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड के एनर्जेटिक स्टार रणवीर सिंह आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं, और इस खास मौके पर उनके फैंस को भी एक धमाकेदार तोहफा मिला है। रणवीर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) का टीज़र आज रिलीज कर दिया गया है। रणवीर सिंह ने खुद इस टीज़र को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया और कुछ ही मिनटों में यह वायरल हो गया।
रणवीर सिंह ने पहले ही अपने फैंस को हिंट दे दिया था कि आज दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर उनकी नई फिल्म का टीज़र आने वाला है। जैसे ही टीज़र सामने आया, सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह का नाम ट्रेंड करने लगा और फैन्स का उत्साह देखते ही बन रहा है।
धमाकेदार डायलॉग और खतरनाक लुक से चौंकाए रणवीर
टीज़र की शुरुआत एक दमदार डायलॉग से होती है, जिसमें रणवीर सिंह कहते हैं “बहुत साल पहले मुझसे किसी ने कहा था, पड़ोस में रहते हैं… चाहे जितना जोर लगा लो… बिगाड़ लो जो बिगाड़ सकते हो… अब बिगाड़ने का वक्त आ गया।”
इसके बाद होती है रणवीर सिंह की धांसू एंट्री लंबे बाल, तीखी आंखें और बिल्कुल नया अंदाज़। टीज़र में थ्रिल, एक्शन और सस्पेंस की झलक साफ दिखाई देती है, जो दर्शकों को पहली झलक में ही फिल्म का दीवाना बना रही है।
मल्टीस्टारर फिल्म में दिग्गजों की झलक
‘धुरंधर’ सिर्फ रणवीर सिंह की ही नहीं, बल्कि एक मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े चेहरे नजर आएंगे। टीज़र में रणवीर के साथ-साथ इन सितारों की झलक भी देखने को मिलती है:
- संजय दत्त
- यामी गौतम
- अक्षय खन्ना
- आर. माधवन
- अर्जुन रामपाल
इन सभी सितारों की दमदार मौजूदगी इस फिल्म को और भी खास बना रही है।
‘धुरंधर’ के निर्देशक हैं आदित्य धर
इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं आदित्य धर, जो पहले ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी फिल्में दे चुके हैं। फिल्म को लेकर फैन्स की उम्मीदें पहले से ही काफी ऊंची हैं और टीज़र ने उन उम्मीदों को और भी पंख दे दिए हैं।
5 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। टीज़र की झलक देखकर यह साफ है कि यह फिल्म एक्शन, थ्रिल और दमदार परफॉर्मेंस से भरपूर होगी।
रणवीर सिंह के जन्मदिन पर रिलीज हुए इस टीज़र ने यह तो साफ कर दिया है कि ‘धुरंधर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक विजुअल धमाका होने वाला है। एक तरफ रणवीर का नया अवतार, दूसरी ओर बॉलीवुड के दिग्गजों की मौजूदगी ये फिल्म साल के अंत में एक बड़ी हिट बन सकती है।




