RBI Repo Rate: सस्ता हो सकता है होम लोन, RBI दिसंबर में फिर घटा सकता है ब्याज दरें

Lucknow Focus News Desk: अगर आप अपने घर का सपना जल्द ही पूरा करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। आने वाले महीनों में होम लोन की ईएमआई और भी सस्ती हो सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर 2025 में रेपो रेट में एक और कटौती कर सकता है, जिससे ब्याज दरों में राहत मिलने की उम्मीद है।
HSBC ग्लोबल रिसर्च की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर में होने वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में रेपो रेट में 0.25% (25 बेसिस पॉइंट) की कटौती की जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो साल के अंत तक रेपो रेट घटकर 5.25% हो जाएगी।
महंगाई में गिरावट बनी राहत की वजह
रिपोर्ट में बताया गया है कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में गिरावट की वजह से हाल के महीनों में महंगाई दर में अच्छी-खासी कमी आई है। जून 2025 में खुदरा महंगाई दर (CPI) घटकर 2.1% रह गई, जो मई में 2.8% थी। रिसर्च के अनुसार, महंगाई का यह ट्रेंड आगे भी जारी रहने की संभावना है। अनुमान है कि 2025 की दूसरी तिमाही में औसत महंगाई दर 2.7% रहेगी, जो कि RBI के 2.9% अनुमान से भी कम है।
रेपो रेट में अभी नहीं होगा बदलाव, दिसंबर तक इंतज़ार
HSBC का कहना है कि अगस्त और अक्टूबर में होने वाली एमपीसी की बैठकों में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन दिसंबर में अंतिम बार कटौती हो सकती है।
RBI गवर्नर ने क्या कहा?
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी मंगलवार को CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में संकेत दिए कि गिरती महंगाई और आर्थिक विकास की सुस्ती दोनों ही ब्याज दरों में कटौती के पक्ष में तर्क देते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले फैसले मौद्रिक संतुलन और आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेंगे।
अब तक कितनी हो चुकी है कटौती?
- फरवरी 2025 में 0.25%
- अप्रैल 2025 में फिर 0.25%
- जून 2025 में 0.50%
- इन कटौतियों के बाद रेपो रेट 6.50% से घटकर 5.50% पर पहुंच चुकी है।
होम बायर्स के लिए सुनहरा मौका
विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर दिसंबर में भी कटौती होती है तो होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की ब्याज दरें और कम हो सकती हैं। इससे रियल एस्टेट सेक्टर में भी तेजी आने की उम्मीद है।
Also Read: भारत में टेस्ला Model Y लॉन्च: कीमत, फीचर्स और डिलीवरी डिटेल्स एक नजर में




