स्व. जय शंकर उपाध्याय की पुण्यतिथि पर किया स्मरण


लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ (वि.)। सुविख्यात तकनीकी शिक्षाविद्, साहित्यकार, अधिवक्ता और सुपरिचित समाजसेवी स्वर्गीय पंडित जय शंकर उपाध्याय की पुण्य तिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया गया।
पंडित जय शंकर उपाध्याय स्मृति सेवा संस्थान के वास्तुखण्ड गोमतीनगर स्थित कार्यालय परिसर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में “मौजूदा राष्ट्रीय परिदृश्य : मानवीय एवं सांस्कृतिक प्रतिमानों का चिंतनीय ह्रास” विषय पर गोष्ठी भी आयोजित की गयी। उपस्थित प्रबुद्ध वक्ताओं ने समाज के विभिन्न पक्षों मे परिलक्षित ह्रास का उल्लेख करते हुवे भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और गौरवशाली विज्ञानसम्मत परम्पराओं की जगह भौतिकवादी पाश्चात्य शैली के अंधानुकरण के प्रसार को एक प्रमुख कारक के रूप में उत्तरदायी बताया। स्वर्गीय पंडित जय शंकर उपाध्याय द्वारा प्रदेश के विभिन्न राजकीय औद्योगिक एवं प्राविधिक संस्थानों यथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, फतेहपुर, गोरखपुर इत्यादि मे प्रधानाचार्य पदों पर रहने के साथ ही कई आईटीआई व सेवायोजन अधिकारी के पदीय दायित्वों का स्मरणीय व उल्लेखनीय निर्वाहन कर तकनीकी शिक्षा के उन्नयन व व्यवसायिक स्वरूप के निर्धारण हेतु किए गये मौलिक बहुआयामी प्रयासों का भी स्मरण किया गया।
सेवानिवृत्ति के पश्चात जरूरतमंदों को निशुल्क विधिक सहायता मुहैया कराने के साथ ही मंगलम संस्था से जुड़कर गरीब दिव्यांगजन के हितार्थ की गयी सामाजिक सेवा और पटरी ठेला दुकानदारों का बीमा कराए जाने संबधी सामाजिक सरोकारों को भी सराहा गया।
इस अवसर पर परिवारजनों के साथ ही कई प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, समाजसेवी व मजदूर नेता भी मौजूद रहे। यह जानकारी पंडित जय शंकर उपाध्याय स्मृति सेवा संस्थान के संस्थापक/महासचिव, सेवानिवृत्त अधिकारी व साहित्यकार आनन्द उपाध्याय “सरस” ने दी।




