लखनऊ

लखनऊ एयरपोर्ट पर 20 अगस्त से हर बुधवार को बंद रहेगा रनवे, जानें क्या है वजह

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहा मरम्मत का काम 15 अगस्त को पूरा हो जाएगा। इसके बाद हवाई अड्डे से 24 घंटे उड़ानें संचालित हो सकेंगी। हालांकि, यात्रियों को अभी भी अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनानी होगी, क्योंकि हवाई अड्डे ने 20 अगस्त से 5 नवंबर तक नियमित रखरखाव के लिए एक ‘नोटम’ (NOTAM) यानी नोटिस टू एयरमैन जारी किया है।

इस नोटम के तहत, हर बुधवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रनवे उड़ानों के लिए बंद रहेगा। इसलिए, यदि आप इन तारीखों के बीच यात्रा कर रहे हैं, तो अपनी उड़ान का शेड्यूल पहले ही जांच लें।

मरम्मत के काम में देरी की वजह

दरअसल, 1 मार्च से लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत का काम चल रहा था। पहले यह काम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होता था। लेकिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डीजीसीए ने काम की अवधि को घटाकर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया था, ताकि यात्रियों को कम परेशानी हो।

हालांकि, जो काम 15 जुलाई तक पूरा होना था, उसे बढ़ाकर 15 अगस्त तक कर दिया गया। 16 जुलाई से 15 अगस्त तक रनवे प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रखा जा रहा है।

क्या है ‘नोटम’?

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, हफ्ते में एक दिन रनवे को बंद रखकर नियमित देखभाल करना एक पुरानी व्यवस्था है। यह नोटम समय-समय पर जारी किया जाता है और डीजीसीए से इसे मंजूरी मिल चुकी है। देश के अन्य एयरपोर्ट पर भी सप्ताह में एक दिन डेढ़ से दो घंटे के लिए रनवे बंद रखे जाते हैं। यह साढ़े तीन घंटे की साप्ताहिक बंदी अगस्त से नवंबर तक चलेगी।

Also Read: फाइलेरिया मुक्त उत्तर प्रदेश का लक्ष्य: सीएचओ अब घर-घर जाकर खिलाएंगे दवा, इनकार करने वालों को समझाएंगे

Related Articles

Back to top button