इन्फोटेनमेन्ट

कानूनी पचड़े में फंसा सलमान खान का ‘बिग बॉस 19’, PPL ने शो मेकर्स से मांगा 2 करोड़ का हर्जाना

Lucknow Focus News Desk: सलमान खान का कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो बिग बॉस 19 अब एक कानूनी विवाद में घिर गया है। भारत की सबसे पुरानी कॉपीराइट लाइसेंसिंग संस्था, फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (PPL) ने शो के मेकर्स पर उनके गानों का अनाधिकृत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कानूनी नोटिस भेजा है। PPL ने शो के प्रोडक्शन हाउस एंडेमोल शाइन इंडिया पर ₹2 करोड़ के हर्जाने की मांग की है।

क्या है कॉपीराइट उल्लंघन का मामला?

PPL इंडिया का दावा है कि ‘बिग बॉस 19’ के 3 सितंबर 2025 को स्ट्रीम हुए एपिसोड 11 में दो लोकप्रिय बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल किया गया, जिसके लिए मेकर्स ने पब्लिक परफॉर्मेंस लाइसेंस नहीं लिया था।

जिन गानों पर आपत्ति जताई गई है, वे हैं:

  • ‘चिकनी चमेली’ (फिल्म: अग्निपथ, 2012)
  • ‘धत तेरी की’ (फिल्म: गोरी तेरे प्यार में, 2013)

PPL का तर्क है कि इन दोनों गानों के पब्लिक परफॉर्मेंस राइट्स का प्रबंधन एक्सक्लूसिव तौर पर PPL द्वारा किया जाता है। चूंकि एंडेमोल शाइन इंडिया ने कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 30 के तहत आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया, इसलिए यह कृत्य जानबूझकर किया गया उल्लंघन है।

मेकर्स से ₹2 करोड़ की मांग

वकील हितेन अजय वासन द्वारा 19 सितंबर को जारी इस नोटिस में, PPL ने प्रोडक्शन हाउस के निदेशकों को जिम्मेदार ठहराते हुए ₹2 करोड़ के हर्जाने के साथ-साथ आवश्यक लाइसेंस शुल्क की भी मांग की है। संगठन ने मेकर्स को भविष्य में बिना उचित अनुमति के उनके ध्वनि रिकॉर्डिंग का उपयोग करने से रोकने का आदेश भी जारी किया है। इस कानूनी विवाद से ‘बिग बॉस 19’ की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जो पहले से ही अपने कंटेस्टेंट्स के विवादों के कारण सुर्खियों में रहता है।

Related Articles

Back to top button