इन्फोटेनमेन्ट

शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर शिकंजा: 60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में 15 सितंबर को होगी पूछताछ

Lucknow Focus News Desk: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक ₹60 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में उन्हें आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने समन भेजा है। राज कुंद्रा को 15 सितंबर को पूछताछ के लिए EOW के सामने पेश होना होगा।

क्या है पूरा मामला?

राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी पर एक व्यवसायी दीपक कोठारी ने ₹60.48 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कोठारी का आरोप है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच कुंद्रा और शेट्टी की कंपनी ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ में कारोबार बढ़ाने के लिए यह राशि निवेश की थी। EOW की जांच में यह सामने आया है कि इस निवेश की गई रकम का इस्तेमाल निजी कामों के लिए किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में इस पैसे को लोन के रूप में लिया गया था, लेकिन बाद में टैक्स बचाने के लिए इसे निवेश के रूप में दिखाया गया।

लिखित गारंटी और कानूनी विवाद

दीपक कोठारी ने बताया कि उन्हें 12% सालाना ब्याज के साथ पैसे वापस करने का आश्वासन दिया गया था। साल 2016 में, शिल्पा शेट्टी ने लिखित रूप से गारंटी भी दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद शिल्पा ने इस कंपनी से डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया। बाद में पता चला कि कंपनी पर ₹1.28 करोड़ का दिवालियापन (Insolvency) मामला चल रहा है।
यह मामला राज कुंद्रा की पिछली कानूनी परेशानियों के बाद आया है, जिसमें 2021 का पोर्नोग्राफी केस भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button