उत्तर प्रदेश

‘संभल में सिर्फ 15% हिंदू बचे’, संभल हिंसा की न्यायिक रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

Lucknow Focus News Desk: संभल में हुई हालिया हिंसा के बाद गठित तीन-सदस्यीय न्यायिक आयोग ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप दी है। इस गोपनीय रिपोर्ट में संभल की डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, आज़ादी के बाद जहाँ संभल नगर पालिका में 45% हिंदू थे, वहीं अब यह संख्या घटकर सिर्फ 15% रह गई है। आयोग के सदस्य और पूर्व डीजीपी एके जैन ने बताया कि हिंदुओं का बड़े पैमाने पर पलायन हुआ है।

हिंसा के पीछे विदेशी हथियार और सुनियोजित साज़िश

आयोग की रिपोर्ट में संभल हिंसा के दौरान ‘मेड इन USA’ हथियार मिलने का भी ज़िक्र है। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में लव जिहाद, दंगे और सामाजिक गतिविधियों के ज़रिए धर्मांतरण का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दंगे के लिए बाहर से भीड़ बुलाई गई थी और इस बार भी हिंदुओं को निशाना बनाने की साज़िश थी। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के कारण हिंदू मोहल्ले सुरक्षित बच गए।

सांसद के भड़काऊ बयान और VHP-मौलाना के अलग-अलग मत

24 नवंबर को संभल में मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़की थी, जिसमें कम से कम 5 लोग मारे गए थे। यह सर्वेक्षण स्थानीय अदालत के आदेश पर हो रहा था। हिंसा से पहले, सांसद ज़िया-उर-रहमान बर्क ने नमाज़ियों को संबोधित करते हुए कहा था, “हम इस देश के मालिक हैं, गुलाम नहीं।” उन्होंने मस्जिद की जगह नहीं छोड़ने की बात कही थी।

इस रिपोर्ट पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के विनोद बंसल ने कहा कि ये बात छिपी नहीं है कि हिंदुओं को बार-बार इस्लामिक जिहादियों ने निशाना बनाया है, जिसकी वजह से वे पलायन को मजबूर हुए हैं। वहीं, मौलाना साजिद रशीदी ने इस रिपोर्ट को ‘बायस्ड’ बताया और कहा कि यह दंगे और नफरत फैलाने के उद्देश्य से जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button