सपा ने तीन विधायकों को पार्टी से निकाला, ‘जनविरोधी विचारधारा’ का समर्थन बना कारण

Lucknow Focus News Desk: समाजवादी पार्टी ने पार्टी लाइन से हटकर बयानबाज़ी और विचारधारा के उल्लंघन को लेकर तीन विधायकों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। निष्कासित किए गए नेताओं में अभय सिंह (गोसाईगंज विधायक), राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज विधायक) और मनोज कुमार पांडेय (ऊंचाहार विधायक) शामिल हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सपा ने यह जानकारी साझा की और तीनों विधायकों पर सांप्रदायिक, विभाजनकारी और जनविरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि इन विधायकों के विचार और गतिविधियाँ किसान, महिला, युवा, कारोबारी और नौकरीपेशा वर्गों के हितों के खिलाफ हैं, साथ ही वे सपा की ‘पीडीए’ नीति (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) के भी विरोधी हैं।
‘अनुग्रह अवधि’ खत्म, अब बर्दाश्त नहीं
पार्टी की ओर से जारी पोस्ट में लिखा गया है कि इन नेताओं को ‘हृदय परिवर्तन’ के लिए जो समय दिया गया था, वह अब समाप्त हो चुका है। हालांकि कुछ अन्य नेताओं को उनके ‘अच्छे व्यवहार’ के आधार पर अभी समय दिया गया है।
सपा ने साफ कर दिया कि पार्टी की मूल विचारधारा का विरोध करने वाले नेताओं के लिए भविष्य में कोई जगह नहीं होगी। बयान में यह भी कहा गया, “जहां रहें, विश्वसनीय रहें”, यानी पार्टी अनुशासन को न मानने वालों को पार्टी से बाहर का रास्ता ही मिलेगा।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
तीनों विधायकों पर यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पार्टी 2027 की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर काम कर रही है। यह कदम सपा के अंदर आंतरिक अनुशासन को सख्ती से लागू करने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
Also Read: बिजली महापंचायत में निजीकरण के विरोध में बड़ा ऐलान: जन आंदोलन और जेल भरो अभियान की घोषणा




