गांधी जयंती पर विशेष संगोष्ठी: ‘महिला सशक्तिकरण से ही आत्मनिर्भर बनेगा भारत’, लखनऊ में गूंजे गांधीवादी विचार

Lucknow Focus News Desk: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 156वीं जयंती के अवसर पर, मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी, लखनऊ के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का विषय था: “महिलाओं का सशक्त और स्वस्थ बनना: गांधीवादी विचारों की रोशनी में आत्मनिर्भर भारत की ओर।”
गांधी जी के अनुसार महिलाएं हैं समाज की असली शक्ति: डॉ. हाशमी
संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए अकादमी के महासचिव डॉ. अब्दुल क़ुद्दूस हाशमी ने गांधीजी के विचारों को आज के संदर्भ में प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के अनुसार समाज की असली शक्ति महिलाएं हैं।
डॉ. हाशमी ने जोर देकर कहा कि आज समय की मांग है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के माध्यम से महिलाओं को उनका सम्मानजनक स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा, “यदि महिला स्वस्थ और सशक्त होगी, तभी परिवार, समाज और देश सब मजबूत होंगे।”
इस विचार-विमर्श में स्टेट तकमील-उल-तिब्ब कॉलेज की प्रो. सफ़िया लोखंडे, डॉ. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी की प्रो. सोफ़िया अहमद और पुलिस विभाग से सुश्री विदुषी ने अपने महत्त्वपूर्ण विचार रखे। कई युवा डॉक्टरों ने भी अपने लेख प्रस्तुत किए और गांधीवादी विचारों को वर्तमान परिस्थितियों से जोड़ा।
महिला स्वास्थ्य शिविर और पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम में उपस्थित युवा डॉक्टरों का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ. हाशमी ने शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि यही पीढ़ी भविष्य के भारत को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाएगी।
इस अवसर पर एक महिला स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जहाँ महिलाओं को मुफ्त दवाएँ, परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएँ प्रदान की गईं। साथ ही, स्टेट तकमील-उल-तिब्ब कॉलेज की ओर से “सशक्त नारी–सशक्त भारत सेवा पखवाड़ा” शीर्षक से एक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
अंत में, सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का धन्यवाद किया गया और यह संकल्प लिया गया कि गांधीवादी विचारों की प्रेरणा से महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के अवसर निरंतर प्रदान किए जाएंगे।



