देश

जयपुर एयरपोर्ट और मुख्यमंत्री कार्यालय को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

Lucknow Focus News Desk: राजस्थान की राजधानी जयपुर शनिवार सुबह एक बार फिर दहशत के साए में आ गई जब एयरपोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इस मेल में जयपुर एयरपोर्ट को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी, साथ ही यह भी कहा गया कि एक से दो घंटे के भीतर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को भी निशाना बनाया जाएगा।

जैसे ही यह ईमेल मिला, CISF और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए और एयरपोर्ट पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। टर्मिनल से लेकर पार्किंग और एप्रन एरिया तक हर कोना खंगाला गया। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की बरामदगी नहीं हुई है।

सीएम ऑफिस भी टारगेट, सुरक्षा बढ़ाई गई

धमकी में साफ तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय को उड़ाने की बात भी कही गई थी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय, आसपास के दफ्तरों और इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। CMO में BDS (बम निरोधक दस्ता) और SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीमें तैनात की गई हैं।

साथ ही, सचिवालय परिसर में भी पुलिस बल को बढ़ा दिया गया है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की निगरानी की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

साइबर सेल जांच में जुटी, मेल की सत्यता की हो रही जांच

एयरपोर्ट प्रशासन ने धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद साइबर सेल हरकत में आई। फिलहाल ईमेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मेल किसी आतंकी संगठन का है या फिर किसी सिरफिरे की हरकत।

तकनीकी टीम मेल भेजने वाले की लोकेशन और डिजिटल पहचान ट्रेस कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।

गौरतलब है कि 2025 में अब तक बम धमकी की यह 16वीं घटना है। अकेले मई महीने में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को 4 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा स्कूल, अस्पताल, होटल, मेट्रो स्टेशन और अदालतों को भी कई बार निशाना बनाया गया।

अधिकतर धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को पूरी गंभीरता के साथ मोर्चा संभालना पड़ा है। हाल ही में माहेश्वरी गर्ल्स स्कूल में बम की अफवाह पर 3500 से ज्यादा बच्चों को बाहर निकाला गया था।

जनता से अपील: शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें

धमकी की ताजा घटना के बाद एक बार फिर जयपुर पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य है लेकिन अतिरिक्त सुरक्षा चेकिंग की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि “सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। हर संभावित खतरे को गंभीरता से लिया जा रहा है।”

Related Articles

Back to top button