लखनऊ

राजधानी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 211 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड

Lucknow Focus News Desk: राजधानी में अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। परिवहन विभाग ने 211 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस एक से तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिए हैं। वहीं, 20 अन्य मामलों में जल्द फैसला होने वाला है, जिसके लिए विभाग ने समीक्षा बैठक भी बुलाई है।

इस कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट चलाना और ओवरस्पीडिंग जैसे करीब 50 गंभीर मामले सामने आए। विभाग का कहना है कि इन लोगों को पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद नियमों को नजरअंदाज किया गया, इसलिए अब कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है।

अब ट्रैफिक नियम तोड़ने का रिकॉर्ड ऑनलाइन होगा

परिवहन विभाग ने ट्रैफिक उल्लंघन के मामलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं, यह जानकारी अब बीमा कंपनियों के साथ भी साझा की जाएगी।

इसका मतलब ये है कि अगर किसी वाहन चालक का ट्रैफिक उल्लंघन का इतिहास है और वह किसी हादसे में शामिल होता है, तो बीमा कंपनियां उसका क्लेम रोक सकती हैं।

RC भी सस्पेंड, 9300 वाहन मालिकों को भेजे गए नोटिस

केवल ड्राइविंग लाइसेंस ही नहीं, 260 वाहन मालिकों की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) भी सस्पेंड कर दी गई है।

इसके अलावा करीब 9,300 लोगों को आरसी निलंबन के नोटिस पहले ही भेजे जा चुके हैं।

23 मई को भेजे गए थे नोटिस, अब हो रही सुनवाई

ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया के तहत 23 मई को 223 लोगों को नोटिस भेजा गया था। इनमें से 20 लोगों ने विभागीय समिति के सामने अपना पक्ष रखने की गुजारिश की है। अब इन मामलों पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विचार किया जा रहा है और जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

आने वाले समय में और सख्त होगा नियमों का पालन

परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे और ट्रैफिक नियम तोड़ने पर बीमा क्लेम को भी प्रभावित किया जा सकता है।

Also Read: Lucknow: न्याय की खोज और मुस्कान ने दिया समाज को बड़ा संदेश, बच्चों की प्रतिभा ने छुआ दिल

Related Articles

Back to top button