उत्तर प्रदेश

यूपी में ‘सूर्य सखी’ मॉडल की सराहना: 6 राज्यों के प्रतिनिधिमंडल ने DRE में महिला उद्यमिता पर किया अंतर्राज्यीय संवाद

Lucknow Focus News Desk: विकेंद्रीकृत अक्षय ऊर्जा (DRE) क्षेत्र में आजीविका सृजन और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को लखनऊ में एक महत्वपूर्ण नॉलेज एक्सचेंज कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जीआईज़ेड, जीएप्प, पीसीआई इंडिया और प्रेरणा ओजस के संयुक्त प्रयास से हुआ, जिसकी अध्यक्षता यूपीएसआरएलएम की मिशन निदेशक दीपा रंजन (आईएएस) ने की।

6 राज्यों के प्रतिनिधिमंडल ने की भागीदारी

इस संवाद में छह राज्यों गोवा, ओडिशा, असम, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न सरकारी विभागों से आए राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।

सभी प्रतिनिधियों ने प्रेरणा ओजस के संचालन मॉडल, सोलर शॉप्स की स्थापना, सौर उत्पादों के विनिर्माण, और स्वच्छ रसोई (क्लीन कुकिंग) समाधान से संबंधित कार्यों की सराहना की।

कंपनी कार्यालय के भ्रमण और महिला नेतृत्व वाले निदेशक मंडल से संवाद के बाद, प्रतिनिधियों ने महिलाओं को उद्यमी बनाने और हरित ऊर्जा अपनाने में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करने के प्रेरणा ओजस के प्रमुख उद्देश्यों को गहराई से समझा।

यूपी की प्रमुख पहलें और विज़न

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की महिला सशक्तिकरण की पहलों को सराहा गया। उत्तर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में 57,702 सूर्या सखियों की तैनाती को लखपति दीदी जैसी प्रमुख पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सराहा गया। प्रेरणा ओजस के 1,00,000 (एक लाख) नए हरित उद्यमों की स्थापना के विज़न की भी व्यापक प्रशंसा की गई।

राज्यों ने मांगा सहयोग

प्रतिनिधियों ने साझा किया कि वे भी अपने-अपने राज्यों में ऐसा इकोसिस्टम विकसित करना चाहते हैं, जिससे महिलाएं एनर्जी ट्रांजीशन के चरण में हरित एवं सतत ऊर्जा को अपनाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की स्थापना और परिचालन ढांचे के विकास के लिए यूपीएसआरएलएम और प्रेरणा ओजस से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।

समापन पर मिशन निदेशक, दीपा रंजन ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सत्यजीत शुक्ल (एसपीएम–यूपीएसआरएलएम), शैलेन्द्र द्विवेदी (सीईओ, प्रेरणा ओजस), और होमाम (पीसीआई) भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button