फिल्मों में निभाया खूंखार विलेन का किरदार, असल जिंदगी में झेलनी पड़ी ऐसी बातें, एक्टर ने किया खुलासा

बॉलीवुड इंडस्ट्री में विलेन का नाम लेते ही अगर किसी अभिनेता की छवि सबसे पहले सामने आती है, तो वह हैं रंजीत। 70 और 80 के दशक में अपने डरावने और खलनायक किरदारों से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले रंजीत ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है।
एक दौर था जब रंजीत को फिल्मों में देखकर लड़कियां डरने लगती थीं। उनकी निगेटिव इमेज फिल्मों तक सीमित रही, लेकिन इसका असर उनके निजी जीवन पर भी पड़ा। रंजीत ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया कि फिल्मों में उनके विलेन वाले किरदार ने प्रोफेशनल लाइफ में तो उन्हें लोकप्रियता दिलाई, लेकिन पर्सनल लाइफ में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शादी से पहले मिली जहर देने की सलाह
रंजीत ने ई-टाइम्स से बातचीत में बताया कि जब उनकी शादी की बात अलोका बेदी से तय हुई, तो अलोका के कुछ रिश्तेदार इस रिश्ते से खुश नहीं थे। रंजीत ने बताया कि एक रिश्तेदार ने तो यहां तक कह दिया कि रंजीत से शादी करने से अच्छा होता कि अलोका को जहर दे दिया जाता।
इतना ही नहीं, शादी के बाद भी अलोका के रिश्तेदारों का शक खत्म नहीं हुआ। रंजीत ने बताया कि उनकी सास को अक्सर यह सलाह दी जाती थी कि वह अलोका के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान चेक करें, क्योंकि उन्हें शक था कि रंजीत शराब पीकर अपनी पत्नी पर हाथ उठाते होंगे।
सास बनीं ढाल, रिश्तेदारों को दिया करारा जवाब
हालांकि, इस मुश्किल वक्त में रंजीत की सास उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने साफ कहा कि अगर इस रिश्ते में कोई पिटाई झेलता है, तो वह अलोका नहीं बल्कि रंजीत होंगे। उनकी इस प्रतिक्रिया ने न सिर्फ रिश्तेदारों को शांत किया बल्कि रंजीत के प्रति उनका विश्वास भी दिखाया।




