उत्तर प्रदेश

स्व. बी.एन. सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, योगदानों को किया गया याद

Lucknow Focus News Desk: राज्य कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) स्वर्गीय बी.एन. सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर बाराबंकी जिले के लखपेड़ाबाग चौराहे पर स्थित राज्य कर्मचारी एसोसिएशन कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

सभा में स्व. बी.एन. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित जनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा ने अपने संबोधन में स्व. बी.एन. सिंह के संघर्षों और कर्मचारियों के हित में किए गए उनके कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि महंगाई भत्ते को केंद्र और राज्य कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू कराने जैसे कई ऐतिहासिक कदम उनके नेतृत्व में उठाए गए। वेतनमान में समानता, पदोन्नति की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं भी उनके संघर्ष का परिणाम हैं।

बाबूलाल वर्मा ने बताया कि स्व. बी.एन. सिंह रायबरेली के तालुकेदार थे और सचिवालय में कार्यरत रहते हुए उन्होंने सरकारी नीतियों में व्याप्त भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई तथा कर्मचारी संघ की स्थापना कर उसका नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि बी.एन. सिंह एक ऐसी विलक्षण प्रतिभा थे जिनके समक्ष सरकार और नौकरशाही दोनों नतमस्तक हो जाते थे।

एक भावुक प्रसंग साझा करते हुए  वर्मा ने बताया कि जब स्व. सिंह का निधन हुआ और उनकी अंत्येष्टि भैसाकुंड में हो रही थी, तब प्रदेश के मुख्य सचिव स्वयं अंत्येष्टि में शामिल हुए और तत्पश्चात कार्यालय जाकर बी.एन. सिंह की प्रमुख मांग—सीसीए और एचआरए से संबंधित शासनादेश को जारी किया। यह उनकी प्रतिबद्धता और प्रभावशीलता का प्रमाण है।

श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक संघ के मंत्री एस.पी. सिंह, सियाराम रावत, मुन्नी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष सर्वजीत यादव, सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के मंत्री अशोक सोनी, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा, वरिष्ठ सदस्य लालजी वर्मा, राजेश गुप्ता, सुरेंद्र कुमार वर्मा, समाजसेवी पत्रकार रत्नेश कुमार, कवि सनत कुमार “अनाड़ी” सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भावपूर्ण शब्दों में स्व. बी.एन. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button