सैफ अली खान की वेब सीरीज ‘तांडव’ पर मचा ‘तांडव’, भाजपा उतरी विरोध में, मंत्रालय ने मांगा स्पष्टीकरण


JANUARY 17, 2021
इन्फोटेनमेंट डेस्क
लखनऊ (Lucknow, Bollywood News) । अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर पिछली 15 जनवरी को रिलीज वेब सीरीज ‘तांडव’ (Tandav) का जबर्दस्त विरोध शुरू हो गया है। कई भाजपा (BJP) नेता इसके विरोध में उतर आए हैं। इस वेब सीरीज पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप है। इसमें बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान (Saif Ali Khan), जीशान अय्यूब (Jeeshan Ayyub), गौहर खान (Gauhar Khan), डिंपल कपाड़िया, सुनील ग्रोवर जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इस वेब सीरीज में जीशान अय्यूब भगवान शिव (Lord Shiva) की भूमिका में है। उन्हीं के रोल को लेकर विरोध हो रहा है। आरोप है कि इसमें बोले गए डायलॉग हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने वाले हैं।

(सांसद मनोज कोटक द्वारा प्रकाश जावड़ेकर को लिखा गया पत्र।)
मुंबई के वरिष्ठ भाजपा नेताओं मुंबई नार्थ-ईस्ट से सांसद मनोज कोटक (Manoj Kotak BJP MP), घाटकोपर वेस्ट से विधायक राम कदम (MLA Ram Kadam) और दिल्ली में पूर्व विधायक कपिल (Kapil Mishra) मिश्रा ने इसका तीव्र विरोध किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर (Prakash Jawdekar) को लिखे गए एक पत्र में सांसद मनोज कोटक ने कहा है कि यह वेब सीरीज सेक्स, हिंसा, मादक द्रव्य सेवन, गाली-गलौज, घृणा और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाली है। इससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
पत्र में सांसद मनोज कोटक ने कहा है कि ऐसा लगता है कि इस वेब सीरीज के निर्माता जान-बूझकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं। ऐसे में ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हुई इस वेब सीरीज पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए (देखिए मनोज कोटक का जावड़ेकर को लिखा गया पत्र)। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ पत्र को ट्विटर एकाउंट पर शेयर किया है।
दूसरी तरफ, घाटकोपर पश्चिम के विधायक राम कदम (MLA Ram Kadam) ने घाटकोपर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। अपने ट्वीट में उन्होंने भी इस वेब सीरीज को हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए वेब सीरीज के डायरेक्टर, लेखक, पात्रों और अमेजन प्राइम वीडियो प्रबंधन के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 ए (IPC Section 295A) के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है (देखें एफआईआर के लिए दी गई तहरीर की कापी)।

(विधायक द्वारा घाटकोपर थाने में दी गई तहरीर की कापी। तहरीर मराठी भाषा में है। इसमें मांग की गई है कि हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोपी लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।)
उधर, दिल्ली में पूर्व विधायक कपिल मिश्रा ने भी तांडव वेब सीरीज का विरोध किया है। एक बयान में उन्होंने इसे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला बताया है।
क्या है आईपीसी की धारा 295 ए (IPC Section 295A)
आईपीसी की धारा 295 ए के तहत वैसे कृत्य अपराध माने जाते हैं, जहाँ पर कोई आरोपी व्यक्ति, नागरिकों के किसी वर्ग-विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए जान-बूझकर और द्वेषपूर्ण आशय से उस वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों को ठेस पहुंचाता है या पहुंचाने का प्रयत्न करता है।
यार, आपने मेरे तीन घंटे बचा लिए !
दर्शकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वेब सीरीज ‘तांडव’ (Tandav) की पटकथा बहुत ही कमजोर है। दर्शकों का कहना है कि इस को देखना समय की बर्बादी है। ऐसी ही एक दर्शक ने यह वेब सीरीज देखने के बाद अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा कि वेब सीरीज तांडव महाबकवास है। इसे देखना समय की बर्बादी है, तो इस पर उसके एक पुरुष मित्र ने तुरंत कमेंट लिखा-यार, आपने मेरे तीन घंटे बचा लिए!
दूसरी तरफ, समीक्षकों ने भी इस वेब सीरीज को डेढ़ से दो अंक (पांच में से) ही दिए हैं। लेकिन विवाद के चलते यह लोगों में चर्चा पा रही है। दूसरी तरफ इसके साथ रिलीज की गई दूसरी वेब सीरीजों को फिल्म समीक्षकों ने ठीकठाक अंक दिए हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मांगा स्पष्टीकरण
सांसद मनोज कोटक (Manoj Kotak BJP MP) और विधायक राम कदम (MLA Ram Kadam) की शिकायत पर रविवार देर शाम सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने संज्ञान लिया। उसने स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) से इस मुद्दे पर उनका पक्ष जानना चाहा है। मंत्रालय ने अमेजन से पूछा है कि वह इस मुद्दे पर तुरंत अपना स्पष्टीकरण दें।
(Tandav Teasure : Courtesy- Amazon Prime Video)
Amazon Prime Video Saif Ali Khan, Bollywood News, Breaking news, Breaking news in Hindi, IPC Section 295A, Jeeshan Ayyub, Saif Ali Khan, Tandava Web Series




