लखनऊ

कथाकार भालचंद्र जोशी को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित ‘आनन्द सागर स्मृति कथाक्रम सम्मान’

Lucknow Focus News Desk: हिंदी कथा साहित्य पर केंद्रित अखिल भारतीय आयोजन ‘कथाक्रम’ के तैंतीसवें समारोह के लिए बड़े सम्मान की घोषणा कर दी गई है। वर्ष 2025 का ‘आनन्द सागर स्मृति कथाक्रम सम्मान’ वरिष्ठ एवं चर्चित कथाकार भालचंद्र जोशी को प्रदान किया जाएगा।

कथाक्रम सम्मान समिति ने लिया निर्णय

कथाक्रम सम्मान समिति, जिसमें कथाक्रम संयोजक शैलेन्द्र सागर, वरिष्ठ कहानीकार शिवमूर्ति, रंगकर्मी राकेश और चर्चित लेखिका रजनी गुप्त सदस्य हैं, ने सर्वसम्मति से भालचंद्र जोशी के नाम पर मुहर लगाई।

  • सम्मान राशि: इस प्रतिष्ठित सम्मान के अंतर्गत इक्कीस हज़ार रुपए की नकद धनराशि, सम्मान चिन्ह और पत्रक प्रदान किया जाता है।
  • समारोह की तिथि: यह सम्मान ‘कथाक्रम 2025’ समारोह के अवसर पर 07 दिसम्बर 2025 को लखनऊ में प्रदान किया जाएगा।

भालचंद्र जोशी का साहित्यिक परिचय

17 अप्रैल 1956 को मध्य प्रदेश के आदिवासी क्षेत्र खरगोन में जन्मे भालचंद्र जोशी हिंदी कथा साहित्य के ख्यात कथाकार हैं। पेशे से इंजीनियर रहे जोशी ने आठवें दशक में कहानी लेखन शुरू किया। उन्होंने जीवन का एक लंबा हिस्सा आदिवासी समाज के बीच बिताया, जहाँ उन्होंने उनकी जीवन पद्धति, लोककथाओं एवं लोककला का गहरा अध्ययन किया। उन्होंने निमाड़ की लोककथाओं और लोककलाओं पर भी विशेष काम किया है। अब तक उनके नौ कहानी संग्रह और दो उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। उनके उपन्यासों का भारतीय भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। इसके अतिरिक्त, उनकी आलोचना की तीन पुस्तकें भी प्रकाशित हुई हैं। उन्होंने ‘कथादेश’ और ‘पाखी’ जैसी प्रमुख पत्रिकाओं के अंकों के साथ-साथ कुछ समय तक लघु पत्रिका ‘यथार्थ’ का भी संपादन किया है।

पूर्व में प्राप्त प्रमुख सम्मान

भालचंद्र जोशी को उनकी विशिष्ट साहित्यिक सेवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है, जिनमें प्रमुख हैं।

मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन का वागीश्वरी पुरस्कार।

पाखी का शब्द साधक लेखक सम्मान।

शैलश मटियानी कथा पुरस्कार।

आलोचना पुस्तक ‘नामवर सिहः आलोचना की सार्थकता’ पर डॉ रामस्वरूप चतुर्वेदी आलोचना सम्मान।

गौरतलब है कि यह सम्मान पूर्व में मैत्रेयी पुष्पा, उदय प्रकाश, नासिरा शर्मा, अखिलेश, शिवमूर्ति, असगर वजाहत सहित कई दिग्गज कथाकारों को दिया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button