किडनी की बीमारी और नींद की कमी का गहरा संबंध: अगर गुर्दे हैं बीमार तो रात में नहीं आएगी चैन की नींद

Lucknow Focus News Desk : हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक, किडनी (गुर्दे) शरीर को स्वस्थ और संतुलित रखने के लिए एक ‘फिल्टर प्लांट’ की तरह काम करती है। अमेरिका के नेशनल किडनी फाउंडेशन (NKF) के अनुसार, किडनी हर दिन लगभग 200 लीटर खून को फिल्टर करती है और शरीर के केमिकल बैलेंस को बनाए रखती है। लेकिन जब यह फिल्टर काम करना बंद कर देता है, तो शरीर में खतरनाक अपशिष्ट और अतिरिक्त तरल पदार्थ जमा होने लगते हैं, जिससे पूरा स्वास्थ्य खतरे में पड़ जाता है।
क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) से पीड़ित लगभग आधे से अधिक लोगों को नींद से जुड़ी कोई न कोई समस्या होती है, जिसे अनदेखा नहीं करना चाहिए।
किडनी और नींद की कमी के बीच संबंध
NKF की रिपोर्ट बताती है कि किडनी की बीमारी और नींद न आने की परेशानी के बीच एक गहरा संबंध है।
इसके मुख्य कारण निम्नलिखित हैं।
विषैले पदार्थों का जमाव: जब गुर्दे ठीक से फिल्टर नहीं कर पाते, तो विषाक्त पदार्थ (जैसे यूरिया और क्रिएटिनिन) यूरिन के माध्यम से बाहर निकलने के बजाय खून में जमा होने लगते हैं। यह जमाव शरीर की आराम करने की क्षमता को बाधित करता है, जिससे सोना मुश्किल हो जाता है।
रेस्टलेस लेग्स सिंड्रोम (RLS): यह तंत्रिका संबंधी विकार किडनी के मरीजों में बहुत आम है। इसमें पैरों में अजीब सी झुनझुनी या खुजली होती है, जिससे मरीज को लगातार पैरों को हिलाने की इच्छा होती है। यह दिक्कत आमतौर पर रात में होती है, जिससे नींद टूटती है। इसका संबंध अक्सर शरीर में आयरन की कमी या मिनरल असंतुलन से होता है।
किडनी की बीमारी से पीड़ित लोगों में स्लीप एपनिया भी आम है। यह एक ऐसी स्थिति है जहां नींद के दौरान साँस बार-बार शुरू होती है और रुक जाती है, जिससे मरीज बार-बार जागता है और दिन भर थका-थका रहता है।
किडनी शरीर के हार्मोन्स को संतुलित रखने में मदद करती है। जब यह बीमार होती है, तो नींद को नियंत्रित करने वाले हार्मोन (जैसे मेलाटोनिन) का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे मरीज की नींद बाधित होती है।
यदि आपको नींद से जुड़ी लगातार समस्या हो रही है, तो किडनी के स्वास्थ्य की जाँच कराना जरुरी है।




