बिजनेस

दो जनवरी तक फुलटॉस मस्ती करेंगे ये कारोबारी


DECEMBER 31, 2020
लखनऊ। लखनऊ के कारोबारियों का एक वर्ग आगामी दो जनवरी तक काम नहीं करेगा। फुलटास मस्ती करेगा। इस दौरान वे अपने कारोबार को पूरी तरह बंद रखेंगे। अपने कारोबार की तरफ ताकेंगे भी नहीं। केवल और केवल आराम करेंगे।
दरअसल दो जनवरी तक लखनऊ के थोक दवा कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान दवा की थोक दुकानें नहीं खुलेंगी। हालांकि इस बंदी के चलते दवा की किल्लत होने की कोई आशंका नहीं है क्योंकि फुटकर दवा विक्रेताओं ने दवा का स्टाक कर लिया है। तीन जनवरी को जब दवा का थोक कारोबार खुलेगा, तब तक इन फुटकर व्यापारियों का माल चलेगा।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ में पांच हजार के करीब दवा विक्रेता हैं। जबकि फुटकर दवा विक्रेताओं की संख्या साढ़े तीन हजार के आसपास है। थोक दवा कारोबारी हर जाड़े में पांच दिन अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखते हैं। यह परंपरा काफी समय से चली आ रही है। लेकिन इस बार कोरोना संकट के चलते व्यापारी भारी घाटे में हैं, इसलिए यह बंदी इस साल चार ही दिन की होगी। यह बंदी तीस दिसंबर से दो जनवरी तक होगी। इस दौरान थोक का दवा कारोबार नहीं होगा। फुटकर विक्रेता इससे अप्रभावित रहेंगे। उनकी दुकानें यथावत खुलेंगी।
(फोटो-सोशल मीडिया)
Business News, Drugs Business, Medicine Business

Related Articles

Back to top button