उत्तर प्रदेश

आज पिछड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत – सुरेश खन्ना

जेपी वाहिनी ने मनाया जयप्रकाश नारायण का जन्मदिन

लखनऊ फोकस ब्यूरो

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मदिवस पर बुधवार को एक गोष्ठी का  आयोजन के. सी. जैन एडवोकेट नेता/ प्रवक्ता भाजपा, अध्यक्ष जे.पी वाहिनी के द्वारा संगीत नाटक अकादमी गोमती नगर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व‌ अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी एवं एमएलसी डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल, सुनीता बंसल सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, सर्वेश चंद्र द्विवेदी  कार्यकारी निदेशक, राष्ट्र धर्म पत्रिका, कुलदीप पति त्रिपाठी अपर महाधिवक्ता हाईकोर्ट, अशोक पांडे वरिष्ठ नेता  भाजपा  व तमाम गणमान्य लोग  मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर माल्यार्पण  व पुष्पांजलि अर्पित कर एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप जलाकर की गई। कार्यक्रम के आयोजक के सी जैन ने मंच पर उपस्थित सभी  गणमान्य अतिथियों का माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र भेंटकर  स्वागत  किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि आज के समय में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों की महत्ता बढ़ गई है। आज जरूरत इस बात की है कि जात-पात धर्म-संप्रदाय के भेदभाव को भुलाकर सबका साथ-सबका विकास का मंत्र लेकर हम सब आगे बढ़ें। आज भारत देश विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बनकर  उभरा है, यह हमारे लिए गर्व की बात है लेकिन कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के कारण देश को जाति, धर्म, संप्रदाय के नाम पर बांटना चाहते हैं। जरूरत इस बात की है की जो लोग आज भी आर्थिक रूप से पिछड़े हैं, गरीबी का जीवन जी रहे हैं, उनका विकास करके उनके लिए योजनाएं बनाकर उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जाए और यह कार्य उत्तर प्रदेश व केंद्र की सरकार लगातार कर रही है।

खन्ना ने कार्यक्रम के आयोजन केसी जैन को  जयप्रकाश नारायण जी के जन्म दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। मंच पर मौजूद अति विशिष्ट अतिथि मंत्री दानिश आजाद ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण आज भी हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है ।

कार्यक्रम में उपस्थित अपर महाधिवक्ता कुलदीप पति त्रिपाठी त्रिपाठी ने कहा कि  लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने जिस प्रकार से भारत को आजाद करने के लिए संघर्ष किया, उससे कहीं ज्यादा संघर्ष उन्होंने भारत को वास्तविक आजादी दिलाने के लिए किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सर्वेश चंद्र द्विवेदी, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता बंसल, अशोक पांडे, सत्य प्रकाश  ने भी विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम के आयोजक केसी जैन ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की सप्त क्रांति की आवश्यकता आज भी है, वह चाहे राजनीतिक क्रांति हो, सामाजिक क्रांति-आर्थिक क्रांति  हो या अन्य  क्रांति। जयप्रकाश नारायण कभी भी सत्ता और ताकत के सामने नहीं झुके, वह हमेशा सच्चाई के लिए व भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलनरत रहे। देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ आंदोलन करना सामान्य बात नहीं थी। उन्होंने कहा कि जब आपातकाल के बाद  गैरकांग्रेसी सरकार बनी तब लोकनायक जयप्रकाश नारायण सत्ता से दूर रहे। वह कभी भी सत्तालोलुप नहीं रहे।

कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने 20 से अधिक छात्रों को मोमेंटो व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही साथ गौ सेवा, समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले 25 से अधिक लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जितेंद्र  एडवोकेट, डॉक्टर अनमोल जैन, मनोज, राम सुरेश, जितेंद्र, राकेश गुप्ता, आनंद जी, दीपक, देवबृत, राजकुमार, शेफाली मुकेश, नेहा, रमेश, राजकुमार, नीलम आदि सहित बड़ी संख्या में जेपी वाहिनी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button