हेल्थ एंड वेलनेस

थकान और कमजोरी का इलाज सिर्फ नींद नहीं, सही खानपान भी है जरूरी! जानिए 5 सुपरफूड्स जो बनाएंगे आपको फुर्तीला

Lucknow Focus News Desk: अगर आप दिनभर थके-थके रहते हैं, बिना ज़्यादा काम किए भी कमजोरी महसूस होती है, तो ये सिर्फ नींद की कमी का नहीं, बल्कि आपकी डाइट का भी असर हो सकता है। शरीर को सही पोषण न मिले तो थकान और सुस्ती लगातार बनी रह सकती है।

डॉक्टरों की मानें तो थकान के पीछे नींद की गड़बड़ी, तनाव, पानी की कमी और पोषक तत्वों की कमी प्रमुख कारण हैं। खासकर जब शरीर को आयरन, विटामिन बी12 और विटामिन डी पर्याप्त मात्रा में न मिले, तो एनर्जी लेवल लगातार गिरता है। वहीं लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठना और फिजिकल एक्टिविटी की कमी भी सुस्ती बढ़ा सकती है। कुछ मामलों में यह समस्या हार्मोनल असंतुलन या किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत भी हो सकती है।

दिल्ली स्थित आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर बताते हैं कि यदि थकान को नजरअंदाज किया गया, तो यह कामकाज, पढ़ाई और मानसिक सेहत तीनों को प्रभावित कर सकती है। एनर्जी की कमी से ध्यान भटकता है, मन चिड़चिड़ा हो जाता है और धीरे-धीरे शरीर की इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है। अगर थकावट लंबे समय तक बनी रहे, तो मांसपेशियां भी ढीली पड़ने लगती हैं।

इसलिए अगर आप दिनभर की थकान से परेशान हैं, तो अब समय आ गया है कि डाइट में कुछ खास ‘सुपरफूड्स’ को शामिल करें, जो न सिर्फ शरीर को ऊर्जा देंगे, बल्कि कमजोरी से भी लड़ने में मदद करेंगे।

डाइट में ज़रूर शामिल करें ये 5 सुपरफूड्स

  1. चुकंदर:

आयरन और नाइट्रेट से भरपूर चुकंदर खून की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है। यह शरीर में ऑक्सीजन के प्रवाह को बेहतर बनाता है, जिससे थकान कम होती है और शरीर में चुस्ती आती है।

  1. केला:

कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम और विटामिन बी6 से भरपूर केला एनर्जी का तुरंत स्रोत है। यह मांसपेशियों की थकावट दूर करता है और पूरे दिन आपको एक्टिव बनाए रखता है।

  1. अखरोट:

ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर अखरोट दिमागी और शारीरिक दोनों तरह की थकान मिटाने में कारगर है।

  1. पालक:

आयरन और मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत होने के कारण पालक खून की कमी और उससे जुड़ी कमजोरी को दूर करता है। यह शरीर को ताकत देता है और एनर्जी बनाए रखता है।

  1. दही:

दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं और शरीर को ठंडक देते हैं। गर्मियों में दही खाना बेहद फायदेमंद होता है।

थकान से बचना है तो अपनाएं ये 5 आसान आदतें

  • रोजाना 30 मिनट टहलें या हल्की एक्सरसाइज करें।
  • नींद का समय तय करें और देर रात तक जागने से बचें।
  • दिनभर भरपूर पानी पिएं ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो।
  • मोबाइल और लैपटॉप पर स्क्रीन टाइम को सीमित करें।
  • दिन की शुरुआत हेल्दी ब्रेकफास्ट से करें और समय पर भोजन करें।

थकावट को मामूली समझकर नजरअंदाज करना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। सही खानपान और जीवनशैली अपनाकर आप ना सिर्फ खुद को फिट रख सकते हैं, बल्कि अपने रोज़मर्रा के कामों में भी बेहतर परफॉर्म कर सकते हैं।

Also Read: डार्क सर्कल की असली वजहें और उनसे छुटकारा पाने के आसान उपाय, एक्सपर्ट की राय में जानें सही समाधान

Related Articles

Back to top button