लखनऊ में दी जाएगी डॉ. उमैर बेग को श्रद्धांजलि, 26 अप्रैल को ‘यादों का सफर’ पुस्तक का होगा विमोचन

इक़रा पब्लिक स्कूल, लखनऊ के संरक्षक, प्रसिद्ध वैज्ञानिक, आधुनिक उर्दू गद्य के शिल्पकार एवं कथाकार डॉ. मिर्ज़ा उमैर बेग की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर एक विचार गोष्ठी तथा उनकी स्मृतियों पर आधारित पुस्तक “यादों का सफ़र” का विमोचन समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दिनांक 26 अप्रैल 2025, शनिवार को सायं 4 बजे,सी.एस.आई. क्लब, राजभवन कॉलोनी, लखनऊ में संपन्न होगा।
डॉ. बेग की धर्मपत्नी और पुस्तक की संकलनकर्ता नाहीद उमैर बेग द्वारा यह आयोजन उनके परिजनों- तारिक व उजमा खान, फरीद व हिना बेग, राना रईस व मंसूर बेग के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना मेहंदी हसन साहब द्वारा पवित्र क़ुरआन पाठ से होगा। तत्पश्चात सुश्री नाहीद उमैर बेग अतिथियों का स्वागत करेंगी और स्वर्गीय डॉ. बेग के साथ बिताए अनमोल क्षणों को साझा करेंगी।
डॉ. मिर्ज़ा उमैर बेग के वैज्ञानिक और साहित्यिक अवदान पर विचार प्रस्तुत करने हेतु कई विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार सुनीता ऐरन, करामत डिग्री कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. नूर खान, उनकी पुत्रवधू राना रईस, बेगम मुशर्रफ फसीह तथा बीसवीं सदी पत्रिका की संपादक शमा ज़ैदी प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में लखनऊ से नय्यर उमर अंसारी तथा कुवैत से आमिर किदवई कविता के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अतिरिक्त विदेशों से डॉ. उमैर बेग के अनेक शिष्य, शोधकर्ता, सहयोगी एवं मित्रगण ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर अपने प्रिय शिक्षक और मार्गदर्शक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इस भावभीने आयोजन का संचालन उनके नाती, फिल्म अभिनेता यूनुस खान करेंगे। समारोह के अंत में उनकी बेटियाँ उजमा खान और हिना बेग तथा पुत्र मंसूर बेग आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन करेंगे। इक़रा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी साझा की है।




