उत्तर प्रदेश

ट्रंप का बयान भारत की संप्रभुता पर हमला: रामगोविंद चौधरी

Lucknow Focus News Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान युद्धविराम को लेकर ट्रंप का बयान भारत की संप्रभुता पर सीधा हमला है। भारत सरकार को इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए और ट्रंप से औपचारिक रूप से जवाब तलब करना चाहिए।

गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों और समाजवादी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम एक ऐतिहासिक और आपसी संवाद से निकला निर्णय है। भारत सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह फैसला दोनों देशों के डीजीएमओ (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस) के बीच 10 मई को दोपहर 3:35 बजे हुई बातचीत का परिणाम है।

नहीं होगी किसी तीसरे पक्ष की भूमिका

इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी सैन्य कार्रवाइयों को रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने साफ किया है कि इस प्रक्रिया में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं रही, फिर भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि यह युद्धविराम उनकी मध्यस्थता और “रात भर की लंबी बातचीत” के कारण संभव हुआ।

ट्रंप ने भारत सरकार से पहले ही इसका ऐलान कर दिया था और दावा किया कि यह युद्धविराम उन्होंने करवाया है।

पूर्व मंत्री चौधरी ने इस पर गहरी आपत्ति जताते हुए कहा ट्रंप का यह रवैया न सिर्फ असत्य है, बल्कि भारत के आत्मसम्मान और विदेश नीति में हस्तक्षेप करने वाला है। अगर वे अपने बयान से पीछे नहीं हटते हैं तो भारत सरकार को अमेरिका से सभी राजनयिक संबंध खत्म करने पर विचार करना चाहिए।

शहीद हुए जवानों को दी गयी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में, सदैव शहीदों के परिवारों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।

Related Articles

Back to top button