uncategorized

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री ने प्रदान की मानद उपाधि

Lucknow Focus News Desk: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की गई है। बुधवार को आयोजित एक समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में नीरज चोपड़ा को यह रैंक दी गई। इस दौरान नीरज सेना की वर्दी में नजर आए।

हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गाँव के निवासी, 27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।

प्रादेशिक सेना में मानद रैंक

नीरज चोपड़ा को इसी वर्ष प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक प्रदान की गई थी, लेकिन बुधवार को औपचारिक रूप से उन्हें यह उपाधि सौंपी गई। इससे पहले, वह भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर थे। नीरज से पहले, भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को भी 2011 में प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद पद दिया गया था।

रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग ने इस साल मई में एक अधिसूचना जारी कर नीरज चोपड़ा को मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाए जाने की जानकारी दी थी। अधिसूचना में कहा गया था कि राष्ट्रपति उन्हें 16 अप्रैल 2025 से प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद पद प्रदान करती हैं।

मौजूदा सत्र रहा उतार-चढ़ाव भरा

व्यक्तिगत उपलब्धियों के बावजूद, नीरज चोपड़ा के लिए मौजूदा एथलेटिक्स सत्र कुछ खास नहीं रहा। वह डायमंड लीग खिताब जीतने में विफल रहे और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने स्वर्ण पदक का बचाव नहीं कर पाए थे। विश्व चैंपियनशिप में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.03 मीटर रहा, जिसके कारण वह अंतिम प्रयास के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सके थे।

Related Articles

Back to top button