केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किए बरसाना में राधा रानी के दर्शन, गौसेवा कर लिया आशीर्वाद

Lucknow Focus News Desk: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को ब्रज की भक्ति भूमि बरसाना का दौरा किया। उनकी यह यात्रा भक्ति और राष्ट्र निर्माण के समन्वय का एक भावनात्मक क्षण बनी।
गौसेवा और श्रीजी मंदिर आगमन
सर्वप्रथम, केंद्रीय मंत्री हेलिकॉप्टर द्वारा माता जी गोशाला परिसर में उतरे। यहाँ उन्होंने गौसेवा की और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात, मंत्री गडकरी ने रोपवे के माध्यम से सीधे श्रीजी मंदिर (राधा रानी मंदिर) पहुँचे। उन्होंने राधा रानी की चौखट पर नतमस्तक होकर माधार टेका और दर्शन किए। मंदिर परिसर में भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदन लाल ने पारंपरिक रीति से दुपट्टा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान चारों ओर ‘राधे-राधे’ के उद्घोष गूंज उठे, और वातावरण भक्तिरस से सरोबार हो गया।
आध्यात्मिक संवाद और प्रेरणा संदेश
दर्शन के बाद, नितिन गडकरी कथा स्थल पहुंचे, जहाँ भागवत कथा का वाचन चल रहा था। उन्होंने यहां पद्मश्री पूज्य रमेश बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया और संक्षिप्त आध्यात्मिक संवाद किया। मंत्री गडकरी ने बरसाना धाम को केवल भक्ति का धाम नहीं, बल्कि प्रेरणा का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में भी दिशा देने वाली है।
प्रवास के दौरान, स्थानीय संत समाज, भाजपा पदाधिकारियों और भक्तों ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।




