उत्तर प्रदेश

कानपुर में खुला अनोखा ‘टाइम बैंक’, यहां रुपये नहीं, समय जमा होता है

Lucknow Focus News Desk: बैंक का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में रुपये-पैसे का हिसाब-किताब आता है, लेकिन कानपुर में एक ऐसा अनोखा बैंक खुला है जहां पैसों का कोई लेन-देन नहीं होता। इस बैंक में हर सदस्य अपने खाते में ‘समय’ जमा करता है और ज़रूरत पड़ने पर उसे निकाल भी सकता है। इस अनूठे प्रयोग का नाम है- ‘टाइम बैंक’।

इस बैंक की शुरुआत कानपुर में एक सामाजिक पहल के रूप में की गई है, जहाँ लोग अपनी सेवा के बदले घंटे जमा करते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई सदस्य किसी बुजुर्ग की मदद के लिए दो घंटे लगाता है, तो उसके खाते में दो घंटे जमा हो जाते हैं। बाद में, जब उसे खुद किसी मदद की ज़रूरत होगी, तो वह उन घंटों का इस्तेमाल करके किसी और से मदद ले सकता है।

जापान से शुरू हुआ था ये अनोखा आइडिया

जानकारी के अनुसार, ‘टाइम बैंक’ का कॉन्सेप्ट सबसे पहले जापान में शुरू हुआ था, जहाँ बुजुर्गों की देखभाल में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए यह व्यवस्था बनाई गई। धीरे-धीरे यह मॉडल दुनिया के कई देशों में फैल गया। भारत में भी अब तक सात हज़ार से ज़्यादा लोग इस पहल से जुड़ चुके हैं और अब कानपुर भी इसका हिस्सा बन गया है।

इस बैंक के सक्रिय सदस्य महेश कुमार बताते हैं कि यह बिल्कुल एक सेविंग अकाउंट की तरह काम करता है, फर्क बस इतना है कि इसमें रुपये की जगह घंटे जमा होते हैं। विदेशों में तो कई सरकारें भी इस पहल को बढ़ावा देती हैं।

ऐसे काम करता है ‘टाइम बैंक’

इस बैंक का सदस्य बनने के लिए वेबसाइट या ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी कराना होता है। एक बार खाता खुलने के बाद सदस्य दूसरों की सेवा करके अपने खाते में समय जमा कर सकते हैं। जैसे, अगर किसी को अस्पताल में दो घंटे की सेवा के लिए किसी की ज़रूरत है, तो वह अपनी मांग भेज सकता है। जो सदस्य सेवा देने के लिए तैयार होगा, उसके खाते में सेवा के घंटे जुड़ जाएँगे। खास बात यह है कि यहां हर व्यक्ति के समय की कीमत बराबर मानी जाती है, चाहे वह डॉक्टर हो या आम इंसान।

इस पहल से कई रिटायर्ड बैंककर्मी और डॉक्टर भी जुड़े हैं। उनका मानना है कि यह सेवानिवृत्त लोगों और अकेलेपन से जूझ रहे बुजुर्गों के लिए एक संजीवनी साबित हो सकता है, क्योंकि इससे न केवल मदद मिलती है, बल्कि समाज में आपसी जुड़ाव और सेवा की भावना भी मजबूत होती है। फिलहाल, कानपुर में करीब 25 लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और जल्द ही यहाँ भी यह सेवा शुरू हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button