UP: फाइलेरिया उन्मूलन के लिए कमर कसी, 21 जनपदों के 64 ब्लॉकों में 10 फरवरी से चलेगा दवा अभियान

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए एक निर्णायक अभियान की घोषणा की है। प्रदेश के 21 जनपदों के 64 ब्लॉकों में आगामी 10 से 28 फरवरी के बीच सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य महानिदेशक ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों को कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।
संक्रमण दर में भारी गिरावट, अब केवल 64 ब्लॉकों पर ध्यान
प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता का परिणाम है कि राज्य के 51 जिलों के 782 फाइलेरिया प्रभावित ब्लॉकों में से 718 ब्लॉकों में संक्रमण दर 1 प्रतिशत से नीचे आ गई है। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष केवल शेष 64 ब्लॉकों में आईडीए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अब यह अभियान वर्ष में केवल एक बार ही संचालित किया जाएगा।
प्रमुख प्रभावित जिले और ब्लॉक
अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक ब्लॉक शाहजहांपुर जिले के शामिल हैं। जिलों का विवरण इस प्रकार है।
शाहजहांपुर: 13 ब्लॉक
बलिया: 12 ब्लॉक
बाराबंकी: 07 ब्लॉक
उन्नाव व चित्रकूट: 04-04 ब्लॉक
प्रतापगढ़: 03 ब्लॉक
प्रयागराज, हरदोई, सोनभद्र, कौशांबी, अयोध्या व भदोही: 02-02 ब्लॉक
लखनऊ (माल ब्लॉक), रायबरेली, खीरी, बहराइच समेत 9 जिले: 01-01 ब्लॉक
घर-घर जाकर दवा खिलाएंगी टीमें
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रतन पाल सिंह सुमन ने सभी संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को माइक्रोप्लानिंग के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक टीम को प्रतिदिन 25 घरों का दौरा कर दवा खिलाने का लक्ष्य दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति या दवा के विपरीत प्रभाव (Side effects) से निपटने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर रैपिड रेस्पांस टीम (RRT) का गठन किया जाएगा। अभियान से पूर्व सभी विभागों के साथ समन्वय बैठकें सुनिश्चित करने को कहा गया है।
“अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और अब जमीनी स्तर पर कर्मियों को तैयार किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना है।”
डॉ. एके चौधरी, राज्य फाइलेरिया अधिकारी
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि फाइलेरिया से मुक्ति के लिए नागरिक इस अभियान में सहयोग करें और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में ही दवा का सेवन करें।




