उत्तर प्रदेश

फार्मा और हेल्थ-टेक में लीडर बनेगा यूपी, सरकार ने IIT-BHU और THSTI के साथ किया बड़ा करार

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने फार्मा, बायोटेक और मेडिकल डिवाइस सेक्टर में प्रदेश को देश का अगला इनोवेशन हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित लाल बहादुर शास्त्री भवन में आयोजित एक अहम कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रमोट फार्मा काउंसिल ने फरीदाबाद स्थित THSTI (ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट) और IIT-BHU वाराणसी के साथ दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किए।

इस पहल का मकसद रिसर्च को बढ़ावा देना, हेल्थ-टेक से जुड़े नए विचारों को समर्थन देना, स्टार्टअप्स को मजबूत करना और युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट के रास्ते खोलना है।

‘यूपी फार्मा और हेल्थ-टेक का लीडर बनने को तैयार’

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मेडिकल एजुकेशन विभाग के प्रमुख सचिव, आईएएस पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि ये साझेदारियां प्रदेश को फार्मा और हेल्थ-टेक के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएंगी। उन्होंने कहा, “ये एमओयू रिसर्च, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्टार्टअप्स और नीति निर्माण के स्तर पर उत्तर प्रदेश को एकसाथ कई दिशाओं में आगे बढ़ाने का काम करेंगे।”

IIT-BHU और THSTI के साथ दीर्घकालिक साझेदारी

पहले समझौता यूपी फार्मा काउंसिल और THSTI फरीदाबाद के बीच हुआ, इसके बाद दूसरा करार IIT-BHU के साथ साइन किया गया। दोनों संस्थानों ने फार्मास्यूटिकल्स, बायोटेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग देने का वादा किया है, जिसमें रिसर्च, ट्रेंनिंग, प्रोडक्ट डेवलेपमेंट और स्टार्टअप्स को सहयोग देना प्रमुख है।

विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों ने जताया भरोसा

फार्मा क्षेत्र के दिग्गज डॉ. जी.एन. सिंह ने कहा कि इन साझेदारियों से रिसर्च को नई दिशा मिलेगी और परिणाम जल्द दिखने लगेंगे अगर ज़रूरी क्षेत्रों पर फोकस किया जाए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने इसे प्रदेश की $1 ट्रिलियन इकॉनमी, बल्क ड्रग पार्क, और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे टारगेट्स की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि यमुना एक्सप्रेसवे पर मेडिकल डिवाइस पार्क और ललितपुर में ड्रग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इन परियोजनाओं से इनवेस्टमेंट बढ़ेगा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी बल मिलेगा।

‘अब समय है यूपी को हेल्थ-टेक का इनोवेशन हब बनाने का’

फार्मा काउंसिल की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आईएएस कृतिका शर्मा ने कहा कि, “अब वक्त आ गया है कि उत्तर प्रदेश फार्मा, बायोटेक और हेल्थ-टेक सेक्टर में पूरे देश के लिए एक मिसाल बने। इन समझौतों के ज़रिए हम एक योजनाबद्ध और ठोस दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।”

इस अहम मौके पर मेडिकल एजुकेशन सचिव अपर्णा यू, THSTI की डॉ. नित्या वाधवा, IIT-BHU से प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव और प्रो. राजेश कुमार जैसे प्रमुख विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button