उत्तर प्रदेश

30 सितंबर तक नहीं बढ़ेगा यूपी रोडवेज की एसी बसों का किराया

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए एसी बसों से यात्रा करने वालों को इस बार बड़ी राहत मिली है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने मई से एसी बसों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव रद्द करते हुए, अब 30 सितंबर तक किराया यथावत बनाए रखने का निर्णय लिया है।

इस फैसले के तहत जनरथ, पिंक, शताब्दी, हाई एंड (वोल्वो/स्कैनिया) और एसी स्लीपर बसों में 10 प्रतिशत की छूट पहले की तरह जारी रहेगी। गर्मी और उमस भरे मौसम में यात्रियों को किफायती और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।

परिवहन विभाग के अनुसार, पहले यह छूट मार्च में समाप्त होनी थी, जिसे 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। लेकिन अब निगम ने इसे यात्रियों के हित में आगे बढ़ाते हुए 30 सितंबर तक जारी रखने का आदेश दिया है।

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह फैसला यात्रियों की सुविधा और गर्मी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का प्रयास है कि आमजन को सुविधाजनक, सुरक्षित और सुलभ यात्रा का अनुभव मिले।”

नए किराया विवरण के अनुसार

जनरथ एसी बस: ₹1.45 प्रति किलोमीटर

शताब्दी सेवा: ₹1.60 प्रति किलोमीटर

हाई एंड वोल्वो/स्कैनिया बसें: ₹2.30 प्रति किलोमीटर

एसी स्लीपर बसें: ₹2.10 प्रति किलोमीटर

गौरतलब है कि हाल ही में एक समाचार रिपोर्ट में एक मई से एसी बसों का किराया बढ़ने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद निगम ने स्थिति की समीक्षा करते हुए किराया वृद्धि का निर्णय वापस ले लिया।

अब यात्री मई से सितंबर तक पुराने किराए पर ही यूपी रोडवेज की एसी बस सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button