UP Weather Update: तेज हवाओं के साथ फिर बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सोमवार को पूर्वी-तराई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और गरज-चमक का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही, कई जिलों में वज्रपात भी हो सकता है।
आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव की संभावना जताई गई है। 18 से 20 अप्रैल के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में फिर से बूंदाबांदी की स्थितियां बन सकती हैं। हालांकि, मंगलवार से अगले दो दिनों तक तेज हवा और बूंदाबांदी का दौर थम जाएगा और मौसम शुष्क रहेगा।
लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार के बाद बूंदाबांदी का दौर थमने के संकेत हैं, और 18 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहेंगे। इस दौरान तेज धूप के चलते दिन-रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
विभाग ने विशेष रूप से उन जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है, जिनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और आसपास के इलाके शामिल हैं। सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।




