उत्तर प्रदेश

आगरा में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का भव्य स्वागत, ताजमहल का करेंगे दीदार

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बुधवार को अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा पहुंचे। अपनी पहली भारत यात्रा पर आए उपराष्ट्रपति वेंस का उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय अतिथि के रूप में भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगरा एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एयरपोर्ट पर पहुंचकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनके परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने उपराष्ट्रपति वेंस को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सुबह करीब 9:15 बजे अपने विशेष विमान से आगरा पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मीय स्वागत से अभिभूत दिखे। धन्यवाद ज्ञापित करने के पश्चात, उपराष्ट्रपति वेंस सीधे ताजमहल के लिए रवाना हो गए।

एयरपोर्ट से ताजमहल के रास्ते में सड़क के दोनों किनारों पर भारत और अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज लहराते दिखे। स्कूली बच्चों ने दोनों देशों के झंडे लेकर खड़े होकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति का हाथ हिलाकर स्वागत किया।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे आगरा शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के मार्ग में सुंदर रंगोलियां, सेंड आर्ट और आकर्षक सजावट की गई थी। स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए थे।

इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से शिल्पग्राम होते हुए ताजमहल तक लगभग 12 किलोमीटर के मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने तीन दिनों से आगरा में डेरा डाला हुआ था और उपराष्ट्रपति के काफिले के गुजरने वाले मार्ग को जीरो ट्रैफिक जोन घोषित किया गया था।

Related Articles

Back to top button