‘यूपी के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य होगा’ CM योगी का बड़ा ऐलान

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में आयोजित ‘एकता पदयात्रा’ कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन अनिवार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम नागरिकों में ‘भारत माता’ और ‘मातृभूमि’ के प्रति श्रद्धा और गौरव की भावना को प्रेरित करने के लिए आवश्यक है।
राष्ट्र और विभाजनकारी ताकतों पर सख्त टिप्पणी
सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने विभाजनकारी ताकतों पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा “राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के प्रति सम्मान की भावना होनी चाहिए। हमारा कर्तव्य है कि हम जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर बाँटने वाले तत्वों की पहचान करें। ये ‘नए जिन्ना’ बनाने की साजिश का हिस्सा हैं।”
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत में फिर कभी कोई नया जिन्ना न उभरे और किसी भी विभाजनकारी इरादे को जड़ जमाने से पहले ही दफ़न कर देना होगा।
एकता यात्रा और जन-जागरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 अक्टूबर को देश भर के हर जिले में ‘रन फ़ॉर यूनिटी’ के रूप में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया गया था। बीजेपी और सरकारी स्तर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकता पर केंद्रित कई कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पहलों के साथ-साथ देश भर में व्यापक जन-जागरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं।




