यूपी के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में अब होगी वैदिक गणित और भारतीय ज्ञान प्रणाली की पढ़ाई

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के 750 से अधिक सरकारी और निजी इंजीनियरिंग, प्रबंधन और फार्मेसी संस्थानों के छात्र अब नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत वैदिक गणित, भारतीय ज्ञान प्रणाली और ज्योतिष जैसे विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) इस सत्र से इन विषयों को माइनर और इलेक्टिव कोर्स के रूप में शुरू कर रहा है।
भारतीय ज्ञान प्रणाली पर ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’
विश्वविद्यालय की हाल ही में हुई विद्या परिषद की बैठक में ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली’ पर एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने को मंजूरी दी गई है। इसके तहत छात्रों को उनके मुख्य विषय के साथ-साथ बहुमुखी विकास के लिए अन्य क्षेत्रों की जानकारी भी दी जाएगी। छात्र वैदिक गणित, भारतीय संगीत, संस्कृत, खगोल विज्ञान, ज्योतिष, भारतीय वास्तुकला, मनोविज्ञान और महिला स्वास्थ्य जैसे विषय चुन सकेंगे।
इन सेंटरों की शुरुआत विश्वविद्यालय के घटक संस्थानों में होगी, जिनमें पहला सेंटर फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग (FOAP) में ₹50 लाख के बजट के साथ शुरू किया जाएगा। अन्य संस्थानों के छात्र इस सेंटर से ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
रोजगार के नए अवसर
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने ‘वैल्यू एजुकेशन’ को बढ़ावा देने के लिए कुछ मॉडल पाठ्यक्रम तैयार किए हैं। इसी के तहत AKTU में अंतरिक्ष विज्ञान में माइनर कोर्स शुरू करने की भी तैयारी चल रही है। उनका मानना है कि इस तरह के कोर्स करने से छात्रों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
प्रो. पांडेय ने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली को NEP में इसलिए शामिल किया गया है ताकि छात्रों को अपनी जड़ों से जोड़ा जा सके। यह प्रणाली दर्शन, विज्ञान, कला, चिकित्सा और गणित जैसे क्षेत्रों में हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और दार्शनिक परंपराओं का एक संग्रह है।
Also Read: सत्ता ठुकराने वाले ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह की राजनीति बनी मिसाल




