इन्फोटेनमेन्ट

दिग्गज एक्टर कोटा श्रीनिवास का 83 साल की उम्र में निधन, सिनेमा जगत ने खोया एक चमकता सितारा

Lucknow Focus News Desk: तेलुगु सिनेमा से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पर लंबी बीमारी के बाद अंतिम सांस ली। खास बात यह है कि उन्होंने दो दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था, लेकिन अब उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोटा श्रीनिवास राव पिछले कुछ समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। रविवार को उनकी हालत और बिगड़ी और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्मी दुनिया और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक है।

चंद्रबाबू नायडू समेत कई हस्तियों ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी अभिनेता के निधन पर शोक जताते हुए कहा अपने विविध किरदारों के जरिए दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन बेहद दुखद है। चार दशकों तक उन्होंने सिनेमा और रंगमंच में जो योगदान दिया, वह सदैव याद रखा जाएगा।

नायडू ने आगे लिखा कि विलेन और कैरेक्टर आर्टिस्ट के रूप में उनकी निभाई गई भूमिकाएं दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी। उनका जाना तेलुगु फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने यह भी याद किया कि कोटा श्रीनिवास राव ने 1999 में विजयवाड़ा से विधायक बनकर जनता की सेवा भी की थी।

अभिनय से लेकर राजनीति तक की शानदार पारी

1942 में आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के कांकिपाडु में जन्मे कोटा श्रीनिवास राव ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1978 में ‘प्रणाम खरीदू’ फिल्म से की थी। चार दशकों से भी ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी भाषाओं की 750 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।

हर किरदार में उन्होंने गहराई और अपनी अलग छाप छोड़ी। उनका नाम उन कलाकारों में लिया जाता है जो खलनायक, कॉमिक, गंभीर और सशक्त चरित्र भूमिकाओं में समान रूप से दक्ष थे।

यादगार फिल्में और सम्मान

आहा ना पेल्लांता!

प्रतिगतना

खैदी नंबर 786

शिवा

यमलीला

भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए उन्हें 2015 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। इसके अलावा भी उन्हें कई राज्य और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए।

सिनेमा ने खोया एक अनमोल रत्न

उनके निधन की खबर सुनकर फिल्म जगत से जुड़े तमाम कलाकार, उनके सहयोगी और चाहनेवाले श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। हर कोई नम आंखों से उन्हें याद कर रहा है। उनकी अभिनय प्रतिभा और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

Also Read: Hrithik Roshan: फिल्मों के साथ कमाई के भी किंग, जानिए बॉलीवुड के सबसे अमीर स्टारकिड की कहानी

Related Articles

Back to top button