मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच का आदेश, केरलम में 20 साल पुराने मामले की होगी पड़ताल

Lucknow Focus News Desk: केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े साल 2006 के एक पुराने मामले में विजिलेंस जांच के सख्त निर्देश दिए हैं। यह मामला उस समय का है जब ज्ञानेश कुमार केरलम के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव पद पर तैनात थे। जांच मुख्य रूप से मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या और उनके कथित सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार के नाम से जुड़ी हुई है।
मामले के मुख्य बिंदु और जांच के निर्देश
‘केरलम स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट’ के तहत एमसी रोड के उन्नयन कार्य में लगी PATI-BEL कंसोर्टियम के मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन ने 2006 में आत्महत्या कर ली थी। उनके पास से मिले कथित सुसाइड नोट में तत्कालीन सचिव ज्ञानेश कुमार का नाम सामने आया था।
गृह मंत्रालय ने विजिलेंस निदेशक को निर्देश दिया है कि केवल आत्महत्या मामले ही नहीं, बल्कि उन आरोपों की भी गहराई से पड़ताल की जाए जिनमें कहा गया है कि उस वक्त बाहरी दबाव डालकर मूल जांच को पटरी से उतारने और निष्पक्ष कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया गया था।
राज्य सरकार के अनुसार, मामले में पूर्व में हुई जांच की निष्पक्षता और उसमें हुए कथित हस्तक्षेप को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए थे। विजिलेंस जांच के दौरान सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।




