लखनऊ

लखनऊ में ‘व्यापार बंधु’ की बैठक, डीएम ने अतिक्रमण और जर्जर सड़कों पर लगाई अधिकारियों को फटकार

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ में आज (8 अक्टूबर) कलेक्ट्रेट स्थित अब्दुल कलाम हाल में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में लखनऊ के व्यापारियों ने नगर निगम, विद्युत, यातायात और विकास प्राधिकरण (LDA) से जुड़ी समस्याओं का अंबार लगा दिया।

जिलाधिकारी ने कई गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और नाका क्षेत्र की समस्या के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की। बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमर नाथ मिश्र, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, महामंत्री अनुराग मिश्रा सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अतिक्रमण और यातायात पर डीएम का निर्देश

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमर नाथ मिश्र ने अतिक्रमण की बार-बार हो रही वापसी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रकबागंज पुल से ठेले हटाए जाते हैं, लेकिन एक सप्ताह में ही वे फिर से लग जाते हैं। उन्होंने आगामी दीपावली त्यौहार के मद्देनजर सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए प्रत्येक चौराहे पर पुलिस की तैनाती और बाजारों में अतिरिक्त गश्त की मांग की।

अन्य मुख्य समस्याएं जो व्यापारियों ने उठाईं

नादान महल रोड

पिछले साल जल निगम द्वारा लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क आज तक नहीं बनाई गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिलाधिकारी ने तत्काल इसे बनाने का निर्देश दिया।

पवन मनोचा ने शिकायत की कि पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट (प्रकाश लाइट) की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसका निदान आवश्यक है।

नक्खास और चौक बाजार

अनुराग मिश्रा ने बताया कि पिछली बैठक में फैसला होने के बावजूद, नक्खास बाजार में पुल के नीचे का अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। वहीं, चौक बाजार में मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग से हमेशा जाम लगा रहता है।

नाका की समस्या पर बनी कमेटी

वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने नाका क्षेत्र में भयावह अतिक्रमण और सर्विस लेन से कूड़ा घर न हटने के गंभीर मुद्दे को उठाया।

इस अहम मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एक कमेटी गठित करने का आदेश दिया। यह कमेटी अपर नगर आयुक्त और डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में कल 9 अक्टूबर 2025 को शाम 4:00 बजे नाका परिक्षेत्र व्यापार मंडल के व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान निकालेगी।

पुराने लखनऊ में बिजली कटौती से व्यापारी परेशान

जितेंद्र सिंह चौहान ने अमीनाबाद बाजार में बिजली की अत्यधिक समस्या पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 4 से 5 घंटे तक बिजली कटौती होती है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 200 साल पुराने अमीनाबाद बाजार में आज भी बिजली, सफाई और सड़कों की स्थिति वर्षों पुरानी बनी हुई है।

बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने सहारा ट्रेड सेंटर (लखनऊ व्यापार मंडल की इकाई) की विद्युत कटौती को तुरंत बहाल करने का आदेश संबंधित एक्सईएन को दिया।

डीएम की सख्त चेतावनी

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारिक क्षेत्रों से संबंधित इन समस्याओं पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी त्यौहारों में व्यापारियों और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आज हुई बैठक में हुसैनगंज से डीएवी कॉलेज वाले पुल के सर्विस लेन का कूड़ा घर न हटने और सुचारू सर्विस लेन न शुरू होने के कारण नाका में 4:00 बजे अपर नगर आयुक्त एवं ट्रैफ़िक पुलिस के अधिकारी के साथ व्यापारी प्रतिनिधि कल मौका मुआयना करेंगे।

Related Articles

Back to top button