हमें महावीर और बुद्ध चाहिए, युद्ध नहीं : प्रो. बघेल

मानव मिलन ने अहिंसा एवं पर्यावरण पर आयोजित की संगोष्ठी
वरिष्ठ नागरिक केसरी की आगरा शाखा का हुआ शुभारंभ
आगरा। केंद्रीय न्याय एवं कानून राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि जैन मत वैज्ञानिक है, यदि इसका विश्व भर में प्रचार-प्रसार किया जाता तो कुछ और ही नजारा होता। रक्षा बजट कम होता और स्वास्थ्य पर खर्चे में कमी आती।
प्रो. बघेल, कलाकृति कल्चर एवं कन्वेशन सेंटर, फतेहाबाद रोड पर मानव मिलन द्वारा अहिंसा एवं पर्यावरण पर आयोजित संगोष्ठी व राष्ट्र संत डॉ. मणिभद्र महाराज के चादर महोत्सव के मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की आगरा शाखा का शुभारंभ भी किया गया।
बुजुर्गों को सम्मान की जरूरत है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. बघेल ने कहा कि महात्मा बुद्ध, गांधी और महावीर ने जिस अहिंसा का संदेश पूरे विश्व को दिया, उसे यदि पूरा विश्व मान ले तो बहुत बड़ी हिंसा रोकी जा सकती है। आज के इस युग को भगवान महावीर और बुद्ध की जरूरत है, युद्ध की नहीं। प्रो. बघेल ने वरिष्ठ नागरिक केसरी की स्थापना पर बधाई दी और कहा कि बुजुर्गों को सम्मान की जरूरत है। वृद्धाश्रमों की स्थापना के बजाए घरों में उन्हें अधिकाधिक सम्मान दिया जाना चाहिए।
सीमित आवश्यकताओं से पर्यावरण रहेगा सुरक्षित
राष्ट्र संत डॉ. मणिभद्र महाराज ने कहा कि भगवान महावीर ने 2500 वर्ष पूर्व पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश दिया था। उनका कहना था कि आवश्यकताओं को जितना सीमित करेंगे उतना ही पर्यावरण सुरक्षित हो सकेगा। डॉ. सीपी राय ने कहा कि जिस संस्कृति में गाय को पूजा जाता है, प्रकृति की उपासना की जाती है, वहां बुजुर्गों की उपेक्षा करना शर्मनाक है। नेपाल से आए सिविल सोसायटी के प्रमुख डॉ.सुंदरमणि दीक्षित ने कहा कि डॉ. मणिभद्र महाराज और उन जैसे संतों की वजह से विश्व बचा हुआ है। ये स्वयं पैदल चलते हैं, यह भी पर्यावरण का संदेश है। नेपाल के बागमती नदी सफाई महाअभियान के प्रमुख डॉ. राजू अधिकारी ने कहा कि मनुष्य को प्रकृति और संस्कृति के बीच जीवन जीना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो पर्यावरण का संकट बढ़ता जाएगा।
इस अवसर पर मंच पर राज्य सभा सदस्य हरद्वार दुबे, पूर्व मेयर इंद्रजीत आर्य, एससीएसटी आयोग उप्र के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, रंजीत सुराना, अशोक सुराना, अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन की अध्यक्षा कुसुम जैन भी मौजूद रहीं। संचालन वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब आगरा के चेयर पर्सन विवेक कुमार जैन ने किया।
अतिथियों का स्वागत करने वालों में रहे शामिल
इससे पूर्व अतिथियों को रुद्राक्ष माला, पटका एवं स्मारिका देकर राजेश चपलावत, प्रेमचंद जैन, राजीव चपलावत, सौरभ जैन, अमित जैन, आदेश बुरड़, सचिन जैन, अर्पित जैन, वैभव जैन, अतिन जैन, अनिल जैन, अशोक जैन गुल्लू, वैभव सोनी, सुमित्रा सुराना, सुलेखा सुराना, पद्मा सुराना, मंगेश सोनी,अंजली जैन आदि ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जैन मुनि डॉक्टर मणिभद्र को सकल श्वेतांबर जैन समाज तथा केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने चादर ओढ़ाया।




