इस वर्ष सावन में क्यों होंगे आठ सोमवार, जानिये कारण


लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ। इस साल सावन का महीना चार जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा. इस साल सावन 59 दिनों का होगा. 19 साल बाद ऐसा योग बन रहा है, जब सावन पर बहुत ही खास संयोग बन रहा है. जिसमें 8 सोमवार को व्रत किए जाएंगे. सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई और आखिरी सोमवार 28 अगस्त को पड़ेगा. सावन में 8 सोमवार होंगे जो 10,17, 24, 31 जुलाई 7,14, 21, 28 अगस्त को है। सावन में ही अधिक मास है। जिसके चलते इस महीने में आठ सोमवार पड़ रहे हैं।
स्वास्तिक ज्योतिष केन्द्र, अलीगंज, लखनऊ के ज्योतिषाचार्य-एस.एस.नागपाल के अनुसार 4 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत हो रही है. सावन के महीने में भगवान शंकर की पूजा की जाती है. इसके साथ ही व्रत भी रखा जाता है. ऐसी मान्यता है कि भोलेनाथ का व्रत करने से आपकी सभी मनोकामना पूरी होती है. सावन के मंगलवार को मंगला गौरी का व्रत रखा जाता है महीने के शुरुआत के दिन महिलाएं मंगला गौरी का व्रत रखेंगी. इस साल सावन में अधिकमास लगने के कारण सावन दो महीने का होगा और सावन में 9 मंगलवार पड़ेंगे. इस वजह से इस बार 9 गौरी मंगला व्रत रखा जाएगा. जिसमें सावन महीने में चार गौरी मंगला व्रत और अधिकमास में 5 मंगला गौरी व्रत रखें जाएंगे.
ऐसी मान्यता है कि अगर किसी कन्या का विवाह नहीं हो रहा है तो इस महीने में विधि-विधान से शंकर भगवान की पूजा करने से उसका विवाह जल्दी हो जाता है. इसमें किसी तरह की कोई रुकावट नहीं आती. यह व्रत कुंवारी कन्या और महिलाएं दोनों करती हैं. इस दिन माता पार्वती और भगवान शंकर की पूजा की जाती है. इस व्रत को लेकर कहा जाता है कि माता पार्वती ने भी शंकर जी को पाने के लिए यह व्रत किया था. अगर किसी महिला के कुंडली में वैवाहिक जीवन में कोई समस्या आ रही है तो ये व्रत जरूर रखें. इससे सारी समस्याएं खत्म हो जाएगी.
(प्रतीकात्मक फोटो-सोशल मीडिया से साभार।)




