बीबीएयू में ‘हिंदी पखवाड़ा’: ‘नई शिक्षा नीति और हिंदी शिक्षण’ पर कार्यशाला का आयोजन

Lucknow Focus News Desk: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में ‘हिंदी पखवाड़ा उत्सव 2025’ के तहत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। 24 सितंबर, 2025 को आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘नई शिक्षा नीति और हिंदी शिक्षण’ था।
प्रो. एपी तिवारी ने किया मार्गदर्शन
इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि और विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष (अर्थशास्त्र) प्रोफेसर एपी तिवारी मौजूद रहे। हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव ने स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
प्रोफेसर तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) स्वतंत्र भारत की पहली ‘भारत केंद्रित’ शिक्षा नीति है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब हमें यह सोचना बंद कर देना चाहिए कि अंग्रेजी के बिना शिक्षा का कोई महत्व नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, “हमारी मातृभाषाएं हमारी लोक और व्यापक जन की संवाद की भाषा हैं। ये हमारे राष्ट्र की धरोहर हैं। अगर हम इनके प्रति स्वाभिमान पैदा नहीं कर सके, तो हम अपने राष्ट्र के प्रति भी स्वाभिमान का भाव नहीं रख सकते।”
इस कार्यशाला में कुल 56 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बीबीएयू के सहायक निदेशक (राजभाषा) और हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।




