उत्तर प्रदेश

योगी सरकार बाढ़ राहत कार्यों में पूरी ताकत से जुटी, मंत्री पहुंचे ग्राउंड जीरो पर

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार के मंत्री बाढ़ प्रभावित जिलों में सीधे जमीन पर उतरकर राहत कार्यों का जायज़ा ले रहे हैं। उनका फोकस है कि हर जरूरतमंद तक बिना देरी के मदद पहुंचे और किसी को भी उपेक्षित महसूस न होने दिया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा है, “यह समय संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा का है। सरकार का हर प्रतिनिधि और हर संसाधन जनता के साथ खड़ा है।”

जालौन और हमीरपुर में स्वतंत्र देव सिंह का दौरा

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को जालौन और हमीरपुर का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने राहत शिविरों में व्यवस्था की गहराई से समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साफ-सफाई, पेयजल, भोजन, चिकित्सा और बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

प्रयागराज में नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ नाव से पहुंचे प्रभावित गांवों तक

प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ नाव से बाढ़ग्रस्त इलाकों तक पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को राहत सामग्री सौंपी और आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि बचाव व राहत कार्यों में देरी न हो और हर प्रभावित व्यक्ति तक तुरंत मदद पहुंचे।

इटावा में धर्मवीर प्रजापति का निरीक्षण

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति नाव से जलमग्न गांवों में पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत शिविरों की भोजन, चिकित्सा, पेयजल और पशुचारे की व्यवस्था की जांच की।

बलिया में दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की निगरानी

बलिया जिले में दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गंगा के तटीय इलाकों का मोटरबोट से भ्रमण कर हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने तटबंधों, नावों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए ताकि कोई भी पीड़ित सहायता से वंचित न रहे।

जालौन में संजय गंगवार का दौरा

जालौन में राज्यमंत्री संजय गंगवार ने राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों को राहत सामग्री दी और अधिकारियों को चिकित्सा टीमों की पूरी सतर्कता और जलजनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वाराणसी में पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी का पैदल व नाव से भ्रमण

वाराणसी में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कोनिया और राजघाट क्षेत्रों में नाव व पैदल पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों के घरों में सीधे राहत सामग्री पहुंचाई। उन्होंने हर परिवार को खाद्यान्न, तिरपाल, सैनिटरी पैड, साबुन, मोमबत्ती और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। शिविरों में दूध, चाय, फल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की सतत निगरानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद हर प्रभावित जिले की स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि राहत कार्य पारदर्शी हों, संवेदनशील हों और पूरी गति से चलें। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें चौबीसों घंटे राहत कार्य में लगी हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन फील्ड पर रहकर राहत और पुनर्वास कार्यों का समन्वय कर रहा है।

Also Read: ग्रामीण नेतृत्व विकास पर जोर, सामाजिक संबंध सुधारने के लिए संवाद जरूरी: डॉ. चंद्रशेखर प्राण

Related Articles

Back to top button